ऑपरेशन मुस्कान : मेले में शुरू हुई दोस्ती बनी दरिंदगी, नाबालिग को भगाकर किया दुष्कर्म, गुम नाबालिग बालिका को ढूंढ कर किया परिजनों के सुपुर्द, दुष्कर्मी आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल.

जशपुर : जशपुर पुलिस के ऑपरेशन मुस्कान के तहत नाबालिग बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। प्यार और शादी का झांसा देकर नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस की तत्परता से गुम नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया, जिससे एक परिवार को बड़ी राहत मिली है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 09 जनवरी 2026 को थाना पत्थलगांव क्षेत्रांतर्गत एक ग्राम के प्रार्थी ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि दिनांक 28 दिसंबर 2025 को सुबह 09:00 बजे के लगभग उसकी 15 वर्षीय नाबालिग बेटी, थाना पत्थलगांव क्षेत्रांतर्गत ही एक ग्राम में अपनी दीदी के घर, शादी देखने जा रही हूं कह कर निकली थी, परंतु अपनी दीदी के घर न जाकर कहीं और चली गई। प्रार्थी के द्वारा मोबाइल फोन के जरिए संपर्क करने की कोशिश की गई, परंतु उसका फोन भी स्विच ऑफ आ रहा था। प्रार्थी के द्वारा आस पास, रिश्तेदारों सहेलियों में पतासाजी किया गया, कहीं पता नहीं चला, प्रार्थी को संदेह है कि उसकी 15 वर्षीय नाबालिग बेटी को किसी व्यक्ति के द्वारा बहला फुसलाकर कर भगा कर ले जाया गया है।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल थाना पत्थलगांव में प्रार्थी की रिपोर्ट पर गुम इंसान व बीएनएस की धारा 137(2) के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच, पातासाजी में लिया गया था।

जांच, पतासाजी के दौरान पुलिस को मुखबीर, परिजनों के सहयोग तथा पुलिस की टेक्निकल टीम की मदद से पता चला कि उक्त गुम नाबालिग बालिका, जिला बलरामपुर क्षेत्रांतर्गत एक ग्राम में आरोपी मुन्ना कुमार के साथ है। जिस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के निर्देश पर तत्काल थाना पत्थलगांव से पुलिस टीम जिला बलरामपुर रवाना की गई, जहां जशपुर पुलिस टीम के द्वारा आरोपी मुन्ना कुमार के कब्जे से नाबालिग बालिका को बरामद किया गया व आरोपी मुन्ना कुमार को हिरासत में लेकर वापस लाया गया।

पूछताछ में नाबालिग बालिका ने बताया कि थाना पत्थलगांव क्षेत्रांतर्गत एक मेले में नाबालिग बालिका की आरोपी मुन्ना से जान पहचान हुई थी, आरोपी मुन्ना मेले में ही काम करता था। वे मोबाइल फोन के जरिए आपस में बातचीत करते थे, इसी दौरान दिनांक 28 दिसंबर 2025 को आरोपी मुन्ना कुमार के द्वारा, नाबालिग बालिका को, प्यार का झांसा देकर, बहला फुसलाकर कर भगा कर ले जाया गया था। आरोपी मुन्ना कुमार के द्वारा नाबालिग बालिका से, शादी का झांसा देते हुए, दुष्कर्म भी किया गया है।

पीड़िता के कथन पर मामले में आरोपी के विरुद्ध उक्त कृत्य के लिए बीएनएस की धारा 87,96,69,64(2),(M) 65(1) व पॉस्को एक्ट की धारा 4, 6 तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(V) जोड़ी गई व पुलिस के द्वारा नाबालिग बालिका का डॉक्टरी परीक्षण भी कराया गया है तथा उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

पुलिस की पूछताछ पर आरोपी मुन्ना कुमार उम्र 19 वर्ष के द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त अपराध सबूत पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

Related posts