झारखंड से छत्तीसगढ़ तक धान की तस्करी का भंडाफोड़ : पुलिस ने रात में की बड़ी कार्रवाई, जंगल में दबोचा गया धान माफिया का खेल ! पिक-अप से 25 क्विंटल अवैध धान जब्त.

छत्तीसगढ़ में चालू धान खरीदी के सीजन में सरहदी राज्यों एवं राज्य के भीतर से अवैध रूप से धान को खपाने के प्रयास में लगे धान बिचौलियों पर जशपुर पुलिस कड़ी नजर रखी हुई है। जिसके लिए जहां सरहदी रास्तों पर नाकाबंदी की गई है, वहीं पुलिस की टीम संदिग्ध क्षेत्रों पर लगातार पेट्रोलिंग भी कर रही है, साथ ही पुलिस के मुखबिरी तंत्र को भी सक्रिय किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में जशपुर पुलिस के द्वारा जिले के विभिन्न थाना/चौकी क्षेत्रों में अब तक अवैध धान परिवहन करते 44 वाहनों से कुल 2,550 क्विंटल धान को पकड़ कर कार्यवाही हेतु जिला प्रशासन को सौंपा जा चुका है, इसी क्रम में दिनांक 18 जनवरी 2026 की शाम लगभग 08:00 बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने चौकी सोनक्यारी क्षेत्र में झारखंड से धान ला, छत्तीसगढ़ में खपाने की कोशिश कर रहे एक पिक-अप से 59 बोरी में कुल 25 क्विंटल धान को पकड़ा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 18 जनवरी 2026 को चौकी सोनक्यारी पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली थी कि चौकी सोनक्यारी क्षेत्रांतर्गत ग्राम रेमने के जंगल के ग्रामीण रास्ते की ओर से एक सफेद रंग की पिक-अप वाहन क्रमांक JH – 07- E- 3510 जा रहा है, जिसमें की भारी मात्रा में धान की बोरी लोड है, उसे संदेह है कि उक्त धान को कहीं अन्यत्र जगह से लाया जा रहा है। जिस पर पुलिस की टीम के द्वारा मामले के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत करा कर, तत्काल कार्यवाही करते हुए, ग्राम रेमने के जंगल के ग्रामीण रास्ते में, संदिग्ध पिक-अप वाहन को रोका गया। पुलिस के द्वारा पिक-अप की तलाशी लेने पर उसमें 59 बोरी में कुल 25 क्विंटल धान लोड मिला, पूछताछ पर पिक-अप चालक ने बताया कि उसका नाम विकास यादव उम्र 25 वर्ष है, वह निवासी ग्राम सोनक्यारी का ही है तथा दुकानदारी का काम करता है। उक्त धान उसी का है, जिसे कि वह झारखंड से खरीद कर ला रहा था। उक्त धान को वह तलासिली के एक किसान के नाम से टोकन लेकर, धान उपार्जन केंद्र में खपाना चाहता था। पुलिस के द्वारा जब उससे धान से संबंधित दस्तावेजों की मांग की गई तो उसके द्वारा कोई दस्तावेज नहीं दिया जा सका। जिस पर पुलिस के द्वारा उक्त पिक-अप वाहन सहित 56 बोरी में कुल 25 क्विंटल धान को जप्त कर, कार्यवाही हेतु जिला प्रशासन को सौंपा गया है।

Related posts