रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने 25 जनवरी को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय पर्यटन दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि पर्यटन न केवल देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था का एक महत्वपूर्ण आधार है, बल्कि यह हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और ऐतिहासिक धरोहरों को वैश्विक पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम भी है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि पर्यटन के माध्यम से लोगों को स्थानीय संस्कृति, भौगोलिक विविधता, प्राकृतिक सौंदर्य, ऐतिहासिक एवं अद्भुत स्थलों से परिचित होने का अवसर मिलता है। साथ ही यह क्षेत्र हजारों परिवारों के लिए रोजगार एवं आजीविका के नए अवसर सृजित कर आर्थिक सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
श्री साय ने कहा कि राष्ट्रीय पर्यटन दिवस का उद्देश्य पर्यटन उद्योग के महत्व को रेखांकित करना और इसके प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है, ताकि पर्यटन के माध्यम से देश और प्रदेश को सतत आर्थिक लाभ प्राप्त हो सके। भारत अपनी विविधताओं, परंपराओं और सांस्कृतिक वैभव के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। देश के प्रत्येक क्षेत्र की अपनी विशिष्ट पहचान और गौरवशाली पृष्ठभूमि है, जिसे पर्यटन के माध्यम से देश-विदेश तक पहुँचाया जा सकता है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन स्थलों के संरक्षण एवं संवर्धन में सक्रिय सहभागिता निभाएं तथा पर्यटन को बढ़ावा देकर प्रदेश के विकास में सहभागी बनें।
0000000000000000000000000000000000000000000000000
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की दी बधाई
रायपुर, 24 जनवरी 2026/
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने 25 जनवरी को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस भारत के प्रजातांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक परंपराओं और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भारत अपने सशक्त लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव प्रणाली के लिए विश्वभर में जाना जाता है। लोकतंत्र की मजबूती प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि मताधिकार केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की दिशा में नागरिकों का महत्वपूर्ण दायित्व भी है।
मुख्यमंत्री ने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी युवाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय रूप से शामिल होने का आह्वान करते हुए कहा कि वे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराएं और प्रत्येक चुनाव में मतदान कर भारत की लोकतांत्रिक परंपरा को और अधिक सुदृढ़ बनाएं।
श्री साय ने कहा कि राष्ट्र के नवनिर्माण में प्रत्येक मत की अपनी विशेष महत्ता होती है। इसलिए सभी नागरिकों को अपने बहुमूल्य मताधिकार का प्रयोग पूरी जिम्मेदारी, जागरूकता और निर्भीकता के साथ करना चाहिए, ताकि एक सशक्त, समावेशी और लोकतांत्रिक भारत के निर्माण में सहभागी बना जा सके।
