रायपुर / जशपुर : भारत शासन, गृह मंत्रालय, नई दिल्ली से प्राप्त जानकारी के अनुसार गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर महामहिम राष्ट्रपति द्वारा छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग के उत्कृष्ट, समर्पित एवं अनुकरणीय सेवाओं के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को वीरता पदक, विशिष्ट सेवा पदक एवं सराहनीय सेवा पदक से विभूषित किए जाने की घोषणा की गई है। यह सम्मान छत्तीसगढ़ पुलिस बल के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक है।
विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदक
विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदक से श्री रामावतार सिंह राजपूत, सहायक उप निरीक्षक, रक्षित केन्द्र, जिला धमतरी को सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है। उन्होंने अपने कर्तव्य निर्वहन के दौरान अनुशासन, निष्ठा एवं उच्च स्तर की पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए विभाग को गौरवान्वित किया है।
सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदक
सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदक से निम्नलिखित अधिकारियों को अलंकृत किया जाएगा—
- श्री रामगोपाल, पुलिस महानिरीक्षक, बिलासपुर रेंज, बिलासपुर
- श्री शशि मोहन सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जिला रायगढ़
- श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा, पुलिस अधीक्षक, रायपुर ग्रामीण
- श्रीमती राजश्री मिश्रा, पुलिस अधीक्षक, एटीएस, विशेष शाखा, पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर
- श्रीमती निवेदिता पाल, सेनानी, 6वीं वाहिनी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, रायगढ़
- श्रीमती मनीषा ठाकुर रावटे, सेनानी, 20वीं वाहिनी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, महासमुंद
- श्री तारकेश्वर पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, जिला पुलिस मध्य, पुलिस आयुक्त कार्यालय, रायपुर नगरीय
- सुश्री उनैजा खातून अंसारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, विशेष शाखा, पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर
- श्री जयलाल मरकाम, सहायक सेनानी, प्रथम वाहिनी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, भिलाई
- श्री हजारी लाल साहू, प्लाटून कमाण्डर, 20वीं वाहिनी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, महासमुंद
इन अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आंतरिक सुरक्षा, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में कार्य, अपराध नियंत्रण, प्रशिक्षण एवं प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
पुलिस महानिदेशक ने दी बधाई
छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक महोदय ने राष्ट्रपति पदक से सम्मानित होने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पूरे छत्तीसगढ़ पुलिस परिवार के लिए गौरव का विषय है और इससे बल के अन्य अधिकारियों एवं जवानों को भी उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।
