नशे पर बड़ा प्रहार : उड़ीसा से जशपुर तक गांजा तस्करी नाकाम, आरा जंगल में पुलिस की सटीक घेराबंदी, 20 लाख की गांजा व कार जब्त, एक आरोपी फरार, दो आरोपी गिरफ्तार.

नशे के कारोबारियों के विरूद्ध जशपुर पुलिस का ऑपरेशन आघात निरंतर जारी है, जिसके अंतर्गत जशपुर पुलिस लगातार नशे के सौदागरों के विरूद्ध कार्यवाही कर रही है, इसी क्रम में जशपुर जिले के पुलिस कप्तान, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में जशपुर पुलिस को आरा क्षेत्रांतर्गत 52 किलो 100 ग्राम अवैध मादक प्रदार्थ गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है।

प्रकरण का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 07 फरवरी 2026 की प्रातः चौकी आरा पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली थी कि एक क्रेटा कार क्रमांक CG -13-AM -9231 से कुछ व्यक्ति,  उड़ीसा राज्य से अवैध मादक प्रदार्थ गांजा को लाकर प्लास्टिक की थैली में बांधकर, गाड़ी में छुपाते हुए, कईकछार, काशीबंध, बीरोपानी के ग्रामीण रास्ते से होते हुए, जशपुर की ओर, बिक्री हेतु ले जा रहे हैं। जिस पर चौकी आरा के द्वारा मामले के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराते हुए, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉक्टर लाल उमेद सिंह के दिशा निर्देश व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में, पुलिस टीम के साथ, उक्त संदिग्ध गांजा तस्करों की धर-पकड़ हेतु, बीरोपानी काशीबंद जंगल में नाकाबंदी कर, संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान काशीबंध की ओर से संदिग्ध क्रेटा कार आती दिखाई देने पर पुलिस टीम के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए, घेरा बंदी कर संदिग्ध कार को रोका गया।

इसी दौरान कार में बैठे तीन संदिग्धों में से एक संदिग्ध, पुलिस की टीम को देखकर, जंगल का फायदा उठाते हुए फरार हो गया, पुलिस के द्वारा शेष दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम क्रमशः 1. शहरूख शाह  उम्र 34 वर्ष, निवासी आजाद मोहल्ला जशपुर, थाना सिटी कोतवाली जशपुर, जिला जशपुर (छग), 2. तारिक अंसारी उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम कव्वाली मंच के पास जशपुर, थाना सिटी कोतवाली जशपुर,जिला जशपुर (छग) का रहने वाला बताया। पुलिस के द्वारा जब संदिग्ध क्रेटा कार की तलाशी ली गई, तब उसमें पीछे की डिग्गी में दो बोरी में 50 पैकेज प्लास्टिक की पालीथीन में भरा गया, कुल 52 किलो 100 ग्राम अवैध मादक प्रदार्थ गांजा मिला। पूछताछ में पकड़े गए उक्त दोनों संदिग्धों द्वारा गांजा को अवैध रूप से उड़ीसा राज्य से, जशपुर में बिक्री हेतु लाना स्वीकार किया गया। पुलिस के द्वारा दोनों संदिग्ध आरोपियों के कब्जे से 52 किलो 100 ग्राम गांजा सहित तस्करी में प्रयुक्त क्रेटा कार क्रमांक CG -13-AM -9231 को भी जप्त कर लिया गया है। जप्त गांजे की बाजार में कीमत लगभग 5 लाख रूपये तथा वाहन लगभग 15 लाख रूपये कुल 20 लाख रूपये विधिवत जप्त किया गया है। पकड़े गए उक्त दोनों संदिग्ध आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मामले में फरार तीसरे आरोपी को भी चिन्हित कर लिया गया, जिसे भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जावेगा।

पुलिस के द्वारा अवैध मादक प्रदार्थ गांजा की तस्करी में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध चौकी आरा में एनडीपीएस की धारा 20(बी) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया है तथा पकड़े गए आरोपी क्रमशः शहरुख शाह उम्र 34 वर्ष व तारीक अंसारी उम्र 27 वर्ष के द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त अपराध सबूत पाए जाने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।

Related posts