जशपुर : जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ठेठीबहारी (कुशमहटोली) से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतिका के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहराती जा रही है। घटना के बाद से मृतिका का पति अपनी दो वर्षीय बच्ची के साथ फरार बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी जेडू विश्वकर्मा, पिता रघु विश्वकर्मा (उम्र 45 वर्ष), निवासी ग्राम ठेठीबहारी ने थाना नारायणपुर में मर्ग सूचना दर्ज कराई। प्रार्थी ने बताया कि उसकी पुत्री कमला विश्वकर्मा का प्रेम संबंध ग्राम ठेठीबहारी निवासी स्वदेश राम उर्फ सुदेश राम कोरवा से था। दोनों ने विवाह कर लिया था, जिनसे एक लगभग दो वर्षीय बच्ची है तथा कमला वर्तमान में लगभग छह माह की गर्भवती थी।
बताया गया कि जनवरी माह में कमला और उसका पति ससुराल आए थे। स्वदेश राम पेशे से ट्रैक्टर चालक था और प्रार्थी के घर से जनपुर की ओर ट्रैक्टर चलाने जाता था। लगभग एक सप्ताह पूर्व स्वदेश राम, कमला और बच्ची को लेकर अपने नाना के घर ठेठीबहारी कुशमहटोली गया था।
दिनांक 06 फरवरी 2026 को स्वदेश राम के नाना मसरिया राम ने प्रार्थी के घर पहुंचकर सूचना दी कि उसकी बेटी की मृत्यु हो गई है। सूचना मिलने पर जब परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि कमला की लाश घर के अंदर जमीन में चीत अवस्था में पड़ी थी। मृतिका के सिर पर गंभीर चोट के निशान स्पष्ट दिखाई दे रहे थे, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
परिजनों ने बताया कि घटना के बाद से स्वदेश राम उर्फ सुदेश राम कोरवा और उसकी बच्ची घर पर मौजूद नहीं हैं। चौंकाने वाली बात यह भी सामने आई है कि स्वदेश राम पूर्व में अपनी पहली पत्नी की हत्या के आरोप में जेल जा चुका है।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर मर्ग इंटिमेशन दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई। तहसीलदार बगीचा एवं फॉरेंसिक अधिकारी जशपुर द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर शव पंचनामा की कार्रवाई की गई। मृतिका के शव को पोस्टमार्टम हेतु सीएचसी कुनकुरी भेजा गया है, हालांकि समाचार लिखे जाने तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त नहीं हो सकी है।
पुलिस ने बताया कि संदिग्ध आरोपी स्वदेश राम उर्फ सुदेश राम कोरवा की तलाश की जा रही है। उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। परिजनों के अनुसार आरोपी मोबाइल फोन का उपयोग भी नहीं कर रहा है, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस करने में कठिनाई आ रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हर एंगल से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना से क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है।
