वनांचल में विकास की गंगा : जशपुर की किस्मत पलटने वाला बजट ! शिक्षा, स्वास्थ्य और उद्योग में करोड़ों की बरसात, जशपुर में खुलेंगे कॉलेज, औद्योगिक क्षेत्र और तीरंदाजी अकादमी.

छत्तीसगढ़ विधानसभा में पारित बजट को जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने प्रदेश के संतुलित और समावेशी विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में तैयार यह बजट विशेष रूप से वनांचल और जनजातीय क्षेत्रों के भाग्य को बदलने वाला साबित होगा। अध्यक्ष सालिक साय ने बजट में जशपुर जिले के लिए की गई घोषणाओं को जिले के सर्वांगीण विकास के लिए ‘संजीवनी’ करार दिया। जिले में उच्च शिक्षा और तकनीकी कौशल को बढ़ावा देने के लिए बजट में महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। जशपुर के सरकारी कॉलेज में ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ की स्थापना की जाएगी, जिससे स्थानीय छात्र विश्वस्तरीय शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। तकनीकी शिक्षा को मजबूती देने के लिए जिले में सीजीआईटी संस्थान खोलने का निर्णय लिया गया है। बागबहार में कॉलेज भवन के निर्माण हेतु बजट स्वीकृत किया गया है। इसके साथ ही होम स्टे योजना से पर्यटन को बढ़ावा देने का बजट में प्रावधान किया गया है। जिससे जिले के लोग लाभांवित होंगे। ईब नदी के किनारे स्थित कोतेबिरा जैसे प्रसिद्ध शिव धाम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का प्रावधान बजट में किया गया है।

जशपुर की स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री ने बड़े कदम उठाए हैं। कुनकुरी सहित अन्य मेडिकल कॉलेजों के सुचारू संचालन के लिए 50 करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान किया गया है। जशपुर में जीएनएम  प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना होगी, जिससे स्वास्थ्य क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

जशपुर के आगडीह से नीमगांव तक सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने से दर्जनों गांवों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।किसानों की सुविधा के लिए जशपुर के पंमशाला एनीकट में ‘लिफ्ट इरीगेशन’ (लिफ्ट सिंचाई) की व्यवस्था की जाएगी, जिससे कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी।

जिले में स्वरोजगार और औद्योगिक संभावनाओं को तलाशते हुए बजट में दो प्रमुख घोषणाएं की गई हैं। पत्थलगांव के बनगांव बी में नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा। कुनकुरी के ग्राम गोरिया में ग्लेजिंग यूनिट की स्थापना होगी। जिले की खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए जशपुर में एक अत्याधुनिक तीरंदाजी अकादमी खोली जाएगी।

Related posts