पुलिस कार्यालय रायगढ़ की मुख्य लिपिक मनोरमा बोहिदार 31 वर्षों की सेवा के बाद सेवानिवृत्त,
गरिमामय समारोह में दी गई भावभीनी विदाई.
रायगढ़ : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ पुलिस कार्यालय में भावनाओं से भरा एक गरिमामय क्षण देखने को मिला, जब मुख्य लिपिक श्रीमती मनोरमा बोहिदार ने 31 वर्षों की निष्कलंक, समर्पित और उत्कृष्ट सेवा के बाद सेवानिवृत्ति ली। तीन दशकों से अधिक समय तक विभाग की प्रशासनिक धुरी रहीं श्रीमती बोहिदार को सम्मान समारोह में भावभीनी विदाई दी गई, जहाँ अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
पुलिस कार्यालय रायगढ़ में मुख्य लिपिक के पद पर कार्यरत श्रीमती मनोरमा बोहिदार 31 वर्षों की उत्कृष्ट एवं समर्पित सेवा पूर्ण करने के पश्चात आज दिनांक 28 फरवरी 2026 को सेवानिवृत्त हो गईं। इस अवसर पर पुलिस कार्यालय में सेवा सम्मान कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें गरिमापूर्ण विदाई दी गई। श्रीमती मनोरमा बोहिदार वर्ष 1995 में लिपिक वर्ग सहायक उप निरीक्षक (एम) के पद पर भर्ती होकर पुलिस विभाग में अपनी सेवा प्रारंभ की थी। अपने सेवा काल में उन्होंने पुलिस कार्यालय में विभिन्न महत्वपूर्ण शाखाओं में कार्य करते हुए उत्कृष्ट प्रशासनिक दक्षता का परिचय दिया। वर्ष 2013 में उपनिरीक्षक (एम) के पद पर पदोन्नति के उपरांत उन्होंने 6वीं बटालियन में वर्ष 2018 तक सेवाएं दीं और तत्पश्चात वर्ष 2018 से पुनः पुलिस कार्यालय रायगढ़ में कार्यरत रहीं।
पुलिस कार्यालय में अपने कार्यकाल के दौरान श्रीमती बोहिदार ने आवक-जावक शाखा, शिकायत शाखा, कंटीजेंसी, अवकाश शाखा एवं एसआरसी जैसी महत्वपूर्ण शाखाओं का सफलतापूर्वक संचालन किया। उनके कार्य के प्रति निष्ठा, अनुशासन एवं दक्षता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा उन्हें प्रभारी मुख्य लिपिक के रूप में भी कार्य करने का अवसर प्रदान किया गया। इस दौरान उन्होंने सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के पेंशन प्रकरणों को समय पर तैयार कर उनका निराकरण सुनिश्चित किया तथा उन्हें सौंपे गए सभी दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया, जिससे अधिकारीगण सदैव उनके कार्य से संतुष्ट रहे।
उनके मिलनसार एवं सहयोगात्मक व्यक्तित्व के कारण उनके सेवानिवृत्ति समारोह में पुलिस कार्यालय के साथ-साथ एडीपीओ कार्यालय एवं 6वीं बटालियन के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित होकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में सहकर्मियों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए बताया कि श्रीमती बोहिदार सदैव कार्य के प्रति समर्पित रहीं तथा अपने सहयोगियों को मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करती थीं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने उन्हें सेवानिवृत्ति पर स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं देते हुए उनके द्वारा विभाग को दी गई सेवाओं की सराहना की। इस अवसर पर श्रीमती बोहिदार ने अपने सेवा काल के दौरान अधिकारियों एवं सहकर्मियों से प्राप्त सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
श्रीमती मनोरमा बोहिदार के परिवार में उनका एक पुत्र अभिषेक, पुत्रवधू सरिता एवं पोता-पोती हैं। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा उन्हें स्मृति–चिन्ह भेंट कर भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक श्री सुशांतो बनर्जी, आरआई श्री अमित सिंह, मुख्य लिपिक श्री त्रिलोचन मालाकार, वरिष्ठ स्टेनो श्री अशोक देवांगन सहित पुलिस कार्यालय का समस्त स्टॉफ उपस्थित रहा।
