भूपदेवपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी भेजा गया न्यायिक रिमांड पर.
संपत्ति संबंधी अपराधों पर रायगढ़ पुलिस की कड़ी नजर, कार्रवाई रहेगी जारी.
रायगढ़ : रायगढ़ जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर पुलिस की सख्त निगरानी का एक और उदाहरण सामने आया है। थाना भूपदेवपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जेएसडब्ल्यू कंपनी गेट के बाहर पार्किंग से चोरी हुई मोटर साइकिल को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल कर ली, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और अपराधियों के खिलाफ सख्ती का संदेश गया है।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर रायगढ़ जिले के थाना भूपदेवपुर पुलिस ने जेएसडब्ल्यू कंपनी के गेट के बाहर पार्किंग से चोरी हुई मोटर साइकिल को बरामद करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कुर्रूभाठा निवासी रामराज सिदार (57 वर्ष) ने 4 मार्च 2026 को थाना भूपदेवपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 फरवरी 2026 को वह दोपहर 2:00 बजे से रात 10:00 बजे तक की ड्यूटी के लिए जेएसडब्ल्यू कंपनी गया था। ड्यूटी पर जाने से पहले उसने अपनी मोटर साइकिल हीरो होंडा फैशन प्लस क्रमांक CG-11 BA 0652 को कंपनी के गेट के बाहर पार्किंग में हैंडल लॉक कर खड़ी की थी। रात लगभग 10:00 बजे ड्यूटी से लौटने पर उसने देखा कि उसकी मोटर साइकिल पार्किंग से गायब थी। आसपास काफी खोजबीन करने के बावजूद मोटरसाइकिल का कोई पता नहीं चला, जिसके बाद उसने लगभग 40,000/- रुपये कीमत की मोटर साइकिल को अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट पर थाना भूपदेवपुर में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 31/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने प्रार्थी व गवाहों से पूछताछ करते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान सूचना मिली कि ग्राम कुर्रूभाठा क्षेत्र में चोरी की गई मोटर साइकिल देखी गई है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी भूपदेवपुर उपनिरीक्षक संजय नाग और उनकी टीम ने संदेही सुधांशु देहरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने मोटर साइकिल चोरी करना स्वीकार कर लिया तथा अपने मेमोरेंडम के आधार पर चोरी की गई मोटर साइकिल हीरो होंडा फैशन प्लस क्रमांक CG-11 BA 0652 कीमती करीब 40,000/- रुपये को बरामद कराया गया।
भूपदेवपुर पुलिस ने आरोपी सुधांशु देहरी पिता भूगीलाल देहरी, उम्र 29 वर्ष, निवासी आमापाली थाना रेंगाली जिला झारसुगुड़ा(ओडिशा), हाल मुकाम नहरपाली थाना भूपदेवपुर जिला रायगढ़ (छत्तीसगढ़) से चोरी की मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी भूपदेवपुर उपनिरीक्षक संजय नाग और उनकी टीम की अहम भूमिका रही है।
