जशपुर कलेक्टर ने लाईवलीहुड कॉलेज का किया निरीक्षण, किशोर-किशोरी सशक्तीकरण हेतु संचालित जय हो अभियान प्रशिक्षण की ली जानकारी

सभी प्रशिक्षार्थियों का उत्साह वर्धन करते हुए बेहतर कार्य करने के लिए कहा

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो, जशपुर

कलेक्टर रितेश कुमार अग्रवाल ने आज जशपुर के गम्हरिया स्थित  लाईवलीहुड कॉलेज में किशोर-किशोरी सशक्तीकरण हेतु जिला प्रशासन, महिला व बाल विकास विभाग एवं यूनिसेफ संस्था द्वारा सयुक्त रूप से संचालित जय हो अभियान का निरीक्षण किया। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास श्री अजय शर्मा, यूनिसेफ की सुश्री नेहा सिंह सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

कलेक्टर श्री अग्रवाल ने उपस्थित सभी प्रशिक्षार्थियों का मनोबल बढ़ाते हुए प्रशिक्षण का लाभ लेने एवं जमीनी स्तर पर प्रशिक्षण का उचित क्रियान्वयन करने के लिए प्रोत्साहित किया। प्रशिक्षण में प्रशिक्षार्थियों को किशोर-किशोरी सशक्तिकरण, बाल विवाह, बाल संरक्षण से संबंधित विषयो पर विस्तार से जानकारी एवं उनमें जागरूकता लाने के लिए प्रेरित किया  जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि जिले में जय हो अभियान के तहत  किशोर-किशोरी सशक्तिकरण सहित अन्य विषयों के प्रचार-प्रसार हेतु गठित जिला एवं विकास खण्ड स्तरीय साधन समूह के चयनित  सदस्यों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण में स्वास्थ्य, शिक्षा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी शामिल है। जिन्हें दो समूह में तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है।  जिसके तहत  प्रथम पाली  02 मार्च से  04 मार्च 2022 एवं द्वितीय पाली 5 मार्च से 07 मार्च 2022 तक प्रशिक्षण आयोजित है।

Related posts