रायगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन : कबाड़ के नाम पर करोड़ों का खेल ! बिना दस्तावेज कबाड़ परिवहन करने वालों पर कसा शिकंजा, पुलिस के प्रहार से 24 घंटे में खुली बड़ी पोल, हुई तीन बड़ी कार्रवाई.

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर अवैध कबाड़ के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस द्वारा “ऑपरेशन प्रहार” के तहत लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पिछले 24 घंटे के भीतर पूंजीपथरा पुलिस द्वारा तीसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध स्क्रैप के परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी अंकुश लगाया गया है। कार्रवाई के क्रम में 17 मार्च को ओडिशा पासिंग ट्रक क्रमांक OR07 W 8355 में लोड 22.75 टन अवैध स्क्रैप आरोपित राजेश यादव पिता गयाप्रसाद यादव उम्र 20 वर्ष निवासी नसरतपुर थाना धनर्वा जिला पटना (बिहार) से जब्त कर आरोपित पर वैधानिक कार्रवाई की गई थी।

वहीं कल 18 मार्च को पहली कार्रवाई में पूंजीपथरा पुलिस ने अग्रोहा प्लांट के पास की, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अग्रोहा प्लांट के पास ट्रक क्रमांक OD15G-2795 में अवैध स्क्रैप कबाड़ लोड कर खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल रेड कार्रवाई की गई, जहां चालक उपन्यास कुमार (20 वर्ष) निवासी भोजपुर (बिहार) मिला, जो स्क्रैप के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। संदेह के आधार पर ट्रक में लोड 25.660 टन स्क्रैप (कीमत लगभग 8,46,780/- रुपये) जप्त कर आरोपी के विरुद्ध धारा 35(क)(ड) BNSS/303(2) BNS के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया। कार्रवाई में ट्रक क्रमांक OD15 G-2795 (कीमत लगभग 10,00,000/- रुपये) तथा 25.660 टन स्क्रैप (कीमत लगभग 8,46,780/- रुपये) कुल 18 लाख 46 हजार रूपये की संपत्ति की जब्ती की गई है ।

इसी कड़ी में दूसरी कार्रवाई में रात्रि गश्त के दौरान तमनार चौक के पास एक 12 चक्का ट्रक क्रमांक OR14R9011 लावारिस हालत में खड़ा मिला, जिसमें लोहे एवं टीन का कबाड़ लोड था। चालक का कोई पता नहीं चलने पर संदेह के आधार पर उक्त वाहन को धारा 106(1) बीएनएसएस के तहत जप्त कर वाहन स्वामी की पतासाजी की जा रही है।

Related posts