रेलवे सिस्टम पर बड़ा एक्शन! इतवारी से जबलपुर तक हाई-लेवल निरीक्षण में खुलीं व्यवस्थाओं की परतें—अपर मंडल रेल प्रबंधक के दौरे से हड़कंप, संचालन और सुविधाओं पर सख्त निर्देश

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री राजेश चिखले द्वारा नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी – छिंदवाड़ा – जबलपुर रेलखंड का विस्तृत निरीक्षण दौरा सम्पन्न, व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा

रायपुर : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल अमंरेप्र श्री राजेश चिखले द्वारा दिनांक 26.03.2026 को निर्धारित निरीक्षण दौरा सफलतापूर्वक सम्पन्न किया गया। इस दौरान उन्होंने इतवारी–छिंदवाड़ा–जबलपुर खंड में विभिन्न रेलवे इकाइयों का निरीक्षण कर परिचालन व्यवस्था, क्रू प्रबंधन एवं यात्री सुविधाओं की गहन समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, श्री चिखले प्रातः 07:00 बजे नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी से विशेष निरीक्षण यान द्वारा छिंदवाड़ा के लिए प्रस्थान कर 10:00 बजे छिंदवाड़ा पहुंचे। छिंदवाड़ा में उन्होंने क्रू लॉबी का निरीक्षण करते हुए क्रू बुकिंग प्रणाली, सुरक्षा मानकों के अनुपालन तथा ड्यूटी प्रबंधन की समीक्षा की। इसके साथ ही रनिंग रूम एवं गुड्स शेड का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं, स्वच्छता, भोजन व्यवस्था एवं कर्मचारियों के ठहरने की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने एसआईजी (Signal & Telecommunication) से संबंधित व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया एवं तकनीकी कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए आवश्यक सुधार हेतु निर्देश दिए।

इसके उपरांत श्री चिखले  दोपहर 12:00 बजे छिंदवाड़ा से ग्वारीघाट (जबलपुर) के लिए प्रस्थान कर 15:00 बजे पहुंचे। जबलपुर में उन्होंने क्रू लॉबी एवं रनिंग रूम का निरीक्षण करते हुए कर्मचारियों को उपलब्ध सुविधाओं का मूल्यांकन किया तथा संचालन की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने पर बल दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कर्मचारियों की कार्यकुशलता एवं सुविधा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।

निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। रनिंग रूम एवं क्रू लॉबी निरीक्षण के समय वरिष्ठ मंडल अभियंता (परिचालन), वरिष्ठ मंडल अभियंता विद्युत (सा.), वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार अधिकारी, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा बल अधिकारी, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सहित अन्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित रही।

इस विस्तृत निरीक्षण दौरे के माध्यम से रेलवे की परिचालन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, कर्मचारियों की कार्य परिस्थितियों में सुधार लाने तथा यात्री सुविधाओं को बेहतर करने की दिशा में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

Related posts