रेलवे में ‘हिंदी क्रांति’ का बिगुल! नागपुर मंडल की हाई-लेवल बैठक में बड़ा फैसला—अब हर काम में हिंदी को मिलेगा प्राथमिकता, अधिकारियों को सख्त निर्देश

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की प्रथम तिमाही बैठक सम्पन्न, हिंदी के व्यापक उपयोग पर दिया गया विशेष बल

रायपुर : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल की राजभाषा कार्यान्वयन समिति की वर्ष 2026 की प्रथम तिमाही बैठक का आयोजन आज दिनांक 27.03.2026 को मंडल रेल प्रबंधक श्री दीपक कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक एवं अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी श्री राजेश चिखले सहित विभिन्न विभागों के शाखाधिकारी एवं उनके प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

 बैठक का संचालन समिति के सचिव एवं राजभाषा अधिकारी श्री गौतम श्रीवास्तव द्वारा किया गया।

बैठक के प्रथम चरण में अक्टूबर से दिसंबर 2025 तिमाही के दौरान राजभाषा हिंदी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले मंडल के दो कार्मिकों को मंडल रेल प्रबंधक राजभाषा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही मंडल के दो उत्कृष्ट अंशकालिक हिंदी सचिवों को भी पुरस्कृत किया गया।

द्वितीय चरण में मंडल की ई-पत्रिका “समर्पण” के छठे अंक का डिजिटल विमोचन मंडल रेल प्रबंधक के करकमलों द्वारा किया गया, जो राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

तृतीय चरण में 31 दिसंबर 2025 को समाप्त तिमाही की राजभाषा प्रगति से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा एवं समीक्षा की गई। बैठक के प्रारंभ में अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री राजेश चिखले ने अध्यक्ष एवं सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि नागपुर मंडल में राजभाषा हिंदी के प्रयोग-प्रसार को और अधिक सुदृढ़ बनाना आवश्यक है तथा अधिक से अधिक कार्य हिंदी में ही किए जाने चाहिए।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक श्री दीपक कुमार गुप्ता ने राजभाषा नियम 1976 के प्रभावी अनुपालन पर संतोष व्यक्त किया तथा इसे निरंतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने शाखाधिकारियों द्वारा धारा 3(3) के अंतर्गत दस्तावेजों को हिंदी-अंग्रेजी द्विभाषी रूप में जारी किए जाने की सराहना करते हुए इसे निरंतर जारी रखने पर बल दिया। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि आम जनता से संबंधित सभी सूचनाएं राजभाषा नियमों के अनुरूप ही जारी की जाएं।

बैठक के चतुर्थ चरण में वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (चल स्टॉक एवं सामान्य) द्वारा अपने विभाग की प्रस्तुति राजभाषा हिंदी में प्रस्तुत की गई, जिसे सभी उपस्थित अधिकारियों द्वारा सराहा गया।

अंत में समिति के सचिव एवं राजभाषा अधिकारी श्री गौतम श्रीवास्तव ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात मंडल रेल प्रबंधक की अनुमति से बैठक का समापन किया गया।

Related posts