जशपुर में राजस्व व्यवस्था को दुरुस्त करने की पहल: कलेक्टर ने लंबित प्रकरणों, मुआवजा मामलों और जनगणना को जिम्मेदारी से पूरा करने के निर्देश दिए

कलेक्टर रोहित व्यास ने राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक ली

राजस्व प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण समयसीमा में सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

जनगणना का कार्य सावधानी, सटीकता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करने को कहा

जशपुर : कलेक्टर रोहित व्यास ने आज कलेक्टरेट सभाकक्ष में राजस्व विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर जिले में संचालित समस्त राजस्व कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सहायक कलेक्टर श्री अनिकेत अशोक अपर कलेक्टर श्री प्रदीप कुमार साहू भी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान उन्होंने आधार एवं मोबाइल नंबर अद्यतन, किसान किताब प्रविष्टि, अविवादित एवं फौती नामांतरण, नक्शा अद्यतन, बटांकन, सीमांकन, ई-नामांतरण, स्वामित्व योजना, अभिलेख दुरुस्तीकरण, अभिलेख शुद्धता एवं व्यपर्वतन तथा राजस्व न्यायालय से संबंधित प्रकरणों की गहन समीक्षा की और  निर्देश दिए कि सभी राजस्व प्रकरणों का नियमानुसार शत-प्रतिशत निराकरण निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए।

     कलेक्टर श्री व्यास ने जनगणना की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य के महत्व को ध्यान में रखते हुए इसे पूर्ण सावधानी, सटीकता और जिम्मेदारी के साथ करें। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।  कलेक्टर श्री व्यास ने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही कलेक्टर ने मुख्यमंत्री द्वारा घोषित सभी विकासकार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने  आरबीसी 6-4 के अंतर्गत लंबित प्रकरणों एवं पीड़ित क्षतिपूर्ति राशि संबंधी मामलों का त्वरित निराकरण के निर्देश देते हुए कहा कि इससे प्रभावितों एवं पीड़ितों को समय पर मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जा सकेगी। बैठक में एसडीएम और अन्य राजस्व अधिकारी मौजूद रहे।

Related posts