ऑपरेशन शंखनाद निरन्तर जारी, पुलिस ने एक ट्रक से छुड़ाया, तस्करी कर ले जाते हुए 38 नग गौ-वंशों को.
मामले में आरोपी ट्रक चालक फरार, पुलिस कर रही है पतासाजी, मामला थाना कांसाबेल क्षेत्रांतर्गत का.
प्रकरण में आरोपी गौ तस्करों के विरुद्ध थाना कांसाबेल में छ ग कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 के तहत अपराध पंजीबद्ध
पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त ट्रक क्रमांक JH –02-BM – 4221 को भी किया जप्त.
जशपुर : जशपुर पुलिस का “ऑपरेशन शंखनाद” लगातार असर दिखा रहा है। गौ तस्करी के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई के बीच पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल करते हुए तस्करी के लिए ले जाए जा रहे 38 गौ-वंशों को सुरक्षित मुक्त कराया। इस कार्रवाई ने तस्करों के हौसले पस्त कर दिए हैं, वहीं पुलिस की सतर्कता और मुस्तैदी भी साफ नजर आ रही है।
जशपुर जिले के पुलिस कप्तान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में गौ तस्करी के विरुद्ध जशपुर पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद निरंतर जारी है। पुलिस लगातार गौ तस्करों के विरुद्ध कार्यवाही कर रही है, इसी क्रम में दिनांक 18 अप्रैल 2026 को जशपुर पुलिस को थाना कांसाबेल क्षेत्र में गौ तस्करी कर रहे एक ट्रक से 38 नग गौ-वंशों को मुक्त कराने में सफलता मिली है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मामले का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 18 अप्रैल 2026 की प्रातः करीबन 04:30 बजे थाना कांसाबेल पुलिस को मुखबीर से पुख़्ता सूचना मिली थी कि एक ट्रक क्रमांक JH -02-BM -4221 में भारी मात्रा में गौ-वंशों को भर कर पत्थलगांव कांसाबेल की ओर से नेशनल हाइवे 43 पर ले जाया जा रहा है। जिस पर थाना कांसाबेल की पुलिस टीम के द्वारा मुखबीर की सूचना के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराते हुए तत्काल बेला घाट में नाकाबंदी की गई थी।
इसी दौरान संदिग्ध ट्रक आता दिखाई देने पर पुलिस के द्वारा उसे रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर संदिग्ध ट्रक का चालक गाड़ी को न रोक कर, तेजी से वाहन भगाने लगा, पुलिस की टीम के द्वारा संदिग्ध ट्रक का पीछा किया जा रहा था, पुलिस को पीछा करते देख संदिग्ध ट्रक का चालक रास्ते में आगे ग्राम नारायणबहली में रोड किनारे ट्रक को छोड़ कर, जंगल का फायदा उठा कर फरार हो गया। पुलिस की टीम के द्वारा जब ट्रक के पास पहुंचकर, ट्रक की तलाशी ली गई, तब उसके ट्रॉली को भूरे रंग की त्रिपाल से ढंक कर रखा गया था। पुलिस ने त्रिपाल को हटाकर देखा तो पाया कि उसमें 38 नग गौ-वंशों को ठूंस-ठूंस कर बेरहमी पूर्वक भरा गया था। पुलिस ने सभी 38 नग गौ-वंशों को गवाहों के समक्ष सकुशल बरामद कर लिया है व गौ-वंशों का पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया है तथा ट्रक क्रमांक JH -02-BM -4221 को भी पुलिस के द्वारा जप्त कर लिया गया है।
मामले में पुलिस के द्वारा थाना कांसाबेल में छ ग कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया है।
पुलिस जप्त किए गए ट्रक के आधार पर मामले में विवेचना कर रही है, मामले से जुड़े गौ तस्करों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जावेगा।
इस प्रकरण की कार्यवाही व ट्रक सहित गौ-वंशों की बरामदगी में थाना प्रभारी कांसाबेल निरीक्षक जितेंद्र ताम्रकार, सहायक उपनिरीक्षक नीता कुर्रे, प्रधान आरक्षक नारायण सिंह, प्रधान आरक्षक गोविंद नायक, आरक्षक शरद बेहरा व आरक्षक कमल शांति खलखो की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
इस प्रकरण के बारे में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि कांसाबेल क्षेत्र में एक ट्रक से 38 नग गौ-वंशों को छुड़ाया गया है, फरार आरोपी की पतासाजी की जा रही है, अग्रिम कार्यवाही जारी है, गौ तस्करी में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जावेगा।
