अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर ग्राम सोनेसरार की आस्था संकुल संगठन को विज्ञान भवन दिल्ली में आत्मनिर्भर संगठन पुरस्कार से किया गया सम्मानित

Advertisements
Advertisements

कलेक्टर ने आस्था संकुल संगठन को आत्मनिर्भर संगठन  पुरस्कार मिलने पर दी बधाई एवं शुभकामनाएं

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो, राजनांदगांव

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आज दिल्ली के विज्ञान भवन में  पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग मंत्री भारत सरकार श्री गिरीराज सिंह द्वारा डोंगरगांव विकासखंड की ग्राम सोनेसरार की आस्था संकुल संगठन को उत्कृष्ट कार्य के लिए आत्मनिर्भर संगठन पुरस्कार- 2022 से सम्मानित किया गया। मंत्री श्री गिरीराज सिंह द्वारा प्रतिक चिन्ह एवं 1 लाख रूपए की राशि प्रदान की गई। प्रदेश के स्वसहायता समूह द्वारा गठित संकुल संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। कलेक्टर श्री तारन प्रकाश सिन्हा के मार्गदर्शन में जिले की स्वसहायता समूह की महिलाएं गौठानों से जुड़कर आर्थिक गतिविधियां कर आजीविका की ओर कदम बढ़ाते हुए इसमें सफल हुई है। कलेक्टर ने इस सफलता के लिए आस्था संकुल संगठन को बधाई और शुभकामनाएं दी। विज्ञान भवन दिल्ली में आयोजित पुरस्कार सम्मान समारोह में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान की राज्य मिशन संचालक श्रीमती इफ्फत आरा और जिला मिशन प्रबंधक राजनांदगांव श्री पिनाकी डेसरकार शामिल हुए।

आस्था संकुल संगठन के गठन के पश्चात क्षेत्र अंतर्गत 17 ग्राम पंचायतों में 23 ग्राम संगठन और 443 स्वसहायता समूह जुड़े है। जिनमें कुल 4 हजार 842 ग्रामीण महिला सदस्य शामिल है। आस्था संकुल संगठन ने खान-पान, पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से आजीविका की ओर कदम रखा है। आस्था संकुल संगठन ने इस दिशा में 2300 परिवारों में किचन गार्डन कर सब्जी उत्पादन के लिए प्रेरित किया। जिसमें 605 परिवारों को बाजार मूल्य से कम दर पर उन्नत सब्जी बीज उपलब्ध कराया है। संकुल क्षेत्र अंतर्गत 2300 परिवारों द्वारा स्वयं के किचन गार्डन में 6500 क्ंिवटल से अधिक विभिन्न सब्जियों जैसे टमाटर, भींडी, भाटा, करेला, लौकी, गोभी आदि का जैविक पद्धति से उत्पादन किया गया। इस गतिविधि से उत्पादित सब्जियों को न केवल परिवारों में खाने के लिए उपयोग किया गया, बल्कि सुपोषण के लिए किशोरी बालिकाओं, गर्भवती महिलाओं, नवविाहिताओं एवं दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों को भी प्रदान किया गया। इस गतिविधि से संकुल संगठन को आर्थिक लाभ भी हुआ। आस्था संकुल संगठन अंतर्गत सभी 443 स्व सहायता समूहों को चक्रिय निधि से 66 लाख 45 हजार रूपए, 261 समूहों को 1 करोड़ 56 लाख 6 हजार रूपए का सामुदायिक निवेश निधि एवं 387 समूहों को 9 करोड़ 84 लाख रूपए का बैंक ऋण पिछले 3-4 वर्षों में प्राप्त हुआ है। संकुल संगठन अंतर्गत स्व सहायता समूहों के सदस्य विभिन्न आजीविका गतिविधियों से अपना जीवन स्तर बदल रही है। संगठन की महिलाएं संवहनीय कृषि, सब्जी उत्पादन, सेनीटरी नैपकिन, ई-रिक्शा, बैंक सखी जैसे कार्यों में संलग्न है। इसके साथ ही आस्था संकुल संगठन की महिलाओं द्वारा कोविड-19 नियमों की जागरूकता के लिए कार्य किया गया।

Advertisements
Advertisements
error: Content is protected !!