“माड़ मैत्री” अभियान का भव्य शुभारंभ : नारायणपुर पुलिस की सामुदायिक पुलिसिंग को नई दिशा देने वाली अभिनव पहल
नारायणपुर : नारायणपुर पुलिस द्वारा समाज एवं पुलिस के मध्य आपसी समन्वय, विश्वास एवं सहभागिता को सुदृढ़ करने तथा नक्सल उन्मूलन के पश्चात नक्सल प्रभावित अंदरूनी क्षेत्रों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से “माड़ मैत्री” अभियान का शुभारंभ आज दिनांक 11 मई 2026 को प्रातः 6 बजे हाईस्कूल ग्राउंड, नारायणपुर में किया गया।
“विग्रह से विश्वास” की अवधारणा पर आधारित यह अभियान सामुदायिक पुलिसिंग को नई दिशा देने के साथ-साथ युवाओं, महिलाओं एवं ग्रामीण समुदाय को विकासोन्मुख गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। अभियान का उद्देश्य नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विश्वास का वातावरण निर्मित कर वहां के युवाओं एवं ग्रामीणों को शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य, सांस्कृतिक संरक्षण, रोजगार मार्गदर्शन एवं सामाजिक सहभागिता जैसे सकारात्मक प्रयासों से जोड़ना है, ताकि वे समाज की मुख्यधारा में सम्मिलित होकर विकास की दिशा में आगे बढ़ सकें।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं अभिनंदन के साथ हुई। इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक नारायणपुर श्री रॉबिंसन गुड़िया द्वारा “माड़ मैत्री” अभियान के उद्देश्यों, इसकी कार्ययोजना एवं विभिन्न वर्टिकल्स के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि नारायणपुर पुलिस का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ सकारात्मक संवाद स्थापित कर विश्वास एवं सहयोग का वातावरण निर्मित करना भी है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा बताया गया कि “माड़ मैत्री” अभियान के माध्यम से पुलिस और आमजन के मध्य दूरी को कम करते हुए युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा प्रदान की जाएगी तथा विशेष रूप से अंदरूनी एवं पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं एवं ग्रामीणों को विकास, शिक्षा, खेल एवं रोजगार के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
इसके उपरांत “हमर फिट नारायणपुर” अभियान के अंतर्गत सामूहिक जुम्बा सत्र का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों, जवानों, युवाओं, स्कूली विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में फिटनेस एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया।
इसके पश्चात अतिथियों द्वारा नारायणपुर जिले की सुरक्षा एवं जनसेवा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु डायल-112 वाहन सेवा, माड़ मैत्री रथ तथा शहर की सुरक्षा व्यवस्था के लिए गठित बाइक पेट्रोलिंग टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
डायल-112 वाहन सेवा का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराना है। यह सेवा दुर्घटना, विवाद, अपराध, महिला सुरक्षा एवं अन्य आकस्मिक परिस्थितियों में तुरंत प्रतिक्रिया देकर आमजन को सुरक्षा एवं भरोसे का वातावरण प्रदान करेगी।
वहीं बाइक पेट्रोलिंग टीम शहर के भीतरी क्षेत्रों, भीड़भाड़ वाले स्थानों एवं संवेदनशील इलाकों में त्वरित निगरानी एवं शीघ्र पुलिस प्रतिक्रिया सुनिश्चित करेगी। बाइक पेट्रोलिंग के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण, अपराधों की रोकथाम एवं नागरिकों में सुरक्षा की भावना को और अधिक मजबूत किया जाएगा।
इसके साथ ही माड़ मैत्री रथ के माध्यम से जिले के दूरस्थ एवं अंदरूनी क्षेत्रों में पहुंचकर जागरूकता कार्यक्रम, जनसंवाद एवं सामुदायिक गतिविधियाँ संचालित की जाएंगी, जिससे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास एवं विश्वास का वातावरण और अधिक मजबूत हो सके।
“माड़ मैत्री” अभियान अंतर्गत विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों को अलग-अलग वर्टिकल्स के माध्यम से संचालित किया जाएगा, जिनमें प्रमुख रूप से —
🔹 प्रशिक्षण — युवाओं को कौशल विकास एवं रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
🔹 खेल कार्यक्रम — खेल गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान की जाएगी।
🔹 पर्यावरण पर्यटन — स्थानीय प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों को बढ़ावा दिया जाएगा।
🔹 ग्रीष्मकालीन शिविर — बच्चों एवं युवाओं के व्यक्तित्व विकास हेतु विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।
🔹 बुनियादी पुलिसिंग — आमजन को कानून एवं पुलिस व्यवस्था की मूलभूत जानकारी दी जाएगी।
🔹 कल्याण शिविर — स्वास्थ्य एवं जनकल्याण संबंधी शिविर आयोजित किए जाएंगे।
🔹 सांस्कृतिक कार्यक्रम — स्थानीय जनजातीय कला एवं संस्कृति के संरक्षण को बढ़ावा दिया जाएगा।
🔹 प्रतिभा खोज — युवाओं एवं बच्चों की प्रतिभाओं को पहचान कर मंच प्रदान किया जाएगा।
🔹 मैत्री कैफे— सामाजिक संवाद एवं सहभागिता को बढ़ावा दिया जाएगा।
🔹 साइबर जागरूकता — साइबर अपराध एवं डिजिटल सुरक्षा के संबंध में जागरूकता बढ़ाई जाएगी।
🔹 करियर परामर्श — युवाओं को शिक्षा, रोजगार एवं प्रतियोगी परीक्षाओं संबंधी मार्गदर्शन दिया जाएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने नारायणपुर पुलिस की इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि “माड़ मैत्री” अभियान निश्चित रूप से समाज एवं पुलिस के मध्य विश्वास एवं सहयोग को मजबूत करेगा तथा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों को विकास एवं मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से —
▪️ श्री रूप साय सलाम — अध्यक्ष, लघु वनोपज संघ छत्तीसगढ़ शासन
▪️ श्री नारायण मरकाम — जिला पंचायत अध्यक्ष, नारायणपुर
▪️ श्री इंद्र प्रसाद बघेल — अध्यक्ष, नगर पालिका नारायणपुर
▪️ श्रीमती पिंकी उसेंडी — अध्यक्ष, जनपद पंचायत नारायणपुर
▪️ श्री बृजमोहन देवांगन — वरिष्ठ भाजपा नेता
▪️ श्री रॉबिंसन गुड़िया — पुलिस अधीक्षक, नारायणपुर
▪️ श्री रोशन सिंह असवाल — सेनानी, 38वीं वाहिनी आईटीबीपी
▪️ श्री राजीव गुप्ता — सेनानी, 45वीं वाहिनी आईटीबीपी
▪️ श्री संजय शर्मा — सेनानी, 18वीं वाहिनी सीएएफ ,सहित मीडिया बंधु, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
नारायणपुर पुलिस द्वारा संचालित “माड़ मैत्री” अभियान आने वाले समय में सामुदायिक पुलिसिंग एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के सामाजिक पुनर्संयोजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण मॉडल के रूप में स्थापित होगा तथा समाज में जागरूकता, सहभागिता, विश्वास एवं सकारात्मक परिवर्तन को और अधिक सुदृढ़ करेगा।
