माया नगर एचएससीएल कॉलोनी में घरेलू विवाद के दौरान बड़े भाई पर धारदार लोहे के रापा से हमला किया गया
घटना में गंभीर रूप से घायल अशोक यादव की उपचार के दौरान अस्पताल ले जाते समय मृत्यु हुई
प्रकरण में हत्या की धारा जोड़ते हुए आरोपी मनोज यादव को विधिवत गिरफ्तार किया गया
घटना में प्रयुक्त धारदार लोहे का रापा जप्त कर वैधानिक कार्यवाही की गई
दुर्ग : दिनांक 10.05.2026 को थाना भिलाई नगर क्षेत्र अंतर्गत माया नगर एचएससीएल कॉलोनी में दो सगे भाईयों के मध्य घरेलू बात को लेकर विवाद एवं मारपीट होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी मनोज यादव ने अपने बड़े भाई अशोक यादव पर घर में रखे धारदार लोहे के रापा से सिर एवं कनपटी में हमला किया, जिससे अशोक यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार हेतु जिला चिकित्सालय दुर्ग ले जाया गया, जहां से बेहतर उपचार हेतु मेकाहारा अस्पताल रायपुर रेफर किया गया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही अशोक यादव की मृत्यु हो गई।
मामले में थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 249/2026 धारा 109(1) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। प्रकरण में मृत्यु उपरांत धारा 103(1) बीएनएस पृथक से जोड़ी गई। विवेचना के दौरान आरोपी मनोज यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तथा विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
आरोपी का नाम :
1. मनोज यादव, निवासी वार्ड क्रमांक 05, माया नगर रुआबांधा सेक्टर, भिलाई।
सराहनीय भूमिका :
उक्त कार्यवाही में थाना भिलाई नगर पुलिस टीम की त्वरित एवं प्रभावी भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि घरेलू एवं आपसी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें तथा किसी भी विवाद की सूचना तत्काल पुलिस को दें। हिंसात्मक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
