सरचार्ज माफी और आसान किश्तों की सुविधा ने सरिता बाई को बिजली बिल भुगतान में दी राहत
मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना-2026 से उपभोक्ताओं को मिल रहा है लाभ
जशपुर : भारी बिजली बिल के बोझ से परेशान उपभोक्ताओं के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की पहल पर शुरू की गई मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना-2026 राहत का बड़ा माध्यम बन रही है। योजना के अंतर्गत बकाया बिजली बिलों पर लगने वाले सरचार्ज में छूट एवं शेष राशि को आसान किस्तों में जमा करने की सुविधा दिए जाने से अनेक उपभोक्ताओं को आर्थिक संबल मिला है।
इस योजना से लाभान्वित जिले के रानी बगीचा निवासी श्रीमती सरिता बाई ने बताया कि आर्थिक तंगी के चलते वे लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं कर पा रही थीं, जिसके कारण उनका बकाया बिजली बिल बढ़कर 38 हजार 648 रुपये हो गया था। बढ़ते बकाया और आर्थिक परेशानियों के कारण वे काफी चिंतित थीं। इसी दौरान उन्हें शासन द्वारा संचालित मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना-2026 की जानकारी मिली। योजना के तहत उनके लगभग 11 हजार 875 रुपये की राशि माफ की गई। साथ ही शेष राशि को आसान किश्तों में जमा करने की सुविधा भी प्रदान की गई, जिससे उन्हें बड़ी आर्थिक राहत मिली। श्रीमती सरिता बाई ने कहा कि यह योजना उनके जैसे जरूरतमंद परिवारों के लिए बहुत मददगार साबित हो रही है। अब वे बिना किसी अतिरिक्त दबाव के किश्तों में बिजली बिल का भुगतान कर सकेंगी। उन्होंने इस जनहितकारी योजना के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।
