डीआईजी/एसएसपी सूरजपुर ने दिवंगत आरक्षक की माँ को सौंपा पुलिस सैलरी पैकेज के अंतर्गत दस लाख रूपये की सहायता राशि का चेक.
सूरजपुर : मानवीय संवेदनाओं और पुलिस परिवार के प्रति जिम्मेदारी का परिचय देते हुए डीआईजी व एसएसपी श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने दिवंगत आरक्षक के परिवार को आर्थिक संबल प्रदान किया। पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत दस लाख रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपकर प्रशासन ने यह संदेश दिया कि पुलिस परिवार हर परिस्थिति में अपने जवानों और उनके परिजनों के साथ खड़ा है।
डीआईजी व एसएसपी श्री प्रशांत कुमार ठाकुर व एसबीआई के शाखा प्रबंधक द्वारा शुक्रवार, 15 मई 2026 को दिवंगत आरक्षक की माँ को दस लाख रुपये की बीमित राशि का चेक प्रदान किया है। यह राशि पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत सामान्य मृत्यु पर प्रदान की गई है।
जिला पुलिस बल सूरजपुर में पदस्थ आरक्षक समीत एक्का की दिनांक 31 जनवरी 2026 को सामान्य मृत्यु हो गई थी। उक्त प्रकरण में निधन के उपरांत आवश्यक दस्तावेज संकलित कर भारतीय स्टेट बैंक कलेक्ट्रेट ब्रांच सूरजपुर के माध्यम से बीमा क्लेम की संपूर्ण प्रक्रिया विधिवत पूर्ण की गई और दिवंगत आरक्षक की माँ सुनीता एक्का को दस लाख रूपये की बीमा राशि का चेक प्रदान किया गया है। इस अवसर पर एसबीआई कलेक्ट्रेट ब्रांच के शाखा प्रबंधक अफसर जमील, दीपक सिंह सहित दिवंगत आरक्षक के परिजन उपस्थित रहे।
