जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास ने निर्माणाधीन श्री सत्य साईं मातृत्व एवं शिशु चिकित्सालय का किया निरीक्षण
अंतिम चरण में निर्माण कार्य, आधुनिक व गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएँ होंगी उपलब्ध
जशपुर : कलेक्टर रोहित व्यास ने गुरुवार को फरसाबहार विकासखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरसाबहार में निर्माणाधीन श्री सत्य साईं मातृत्व एवं शिशु चिकित्सालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी कार्य गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था सहित मरीजों के लिए अन्य मूलभूत सुविधाओं को भी समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए, ताकि अस्पताल प्रारंभ होते ही लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ सहज रूप से मिल सकें।
चिकित्सालय का निर्माण पूर्ण होने के बाद आमजन को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध हो सकेंगी। इसमें नवजात शिशुओं एवं बच्चों के उपचार के साथ-साथ गर्भवती माताओं के लिए भी ऑपरेशन सहित आवश्यक चिकित्सकीय सेवाएँ विशेषज्ञ चिकित्सकों के द्वारा आधुनिक तकनीकों के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएँगी। वर्तमान में चिकित्सालय का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है।
कलेक्टर ने भेलवां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण
कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत भेलवां स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने एक्स-रे कक्ष, ओपीडी, वैक्सीन सेंटर, लैब तथा विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों को समय पर बेहतर उपचार एवं आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इस दौरान एसडीएम श्री ओंकारेश्वर सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी. एस. जात्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
