कुकुरबेड़ा ओवरब्रिज के नीचे गांजा तस्करी करते महिला समेत दो गिरफ्तार, ₹3.10 लाख का माल जप्त
रायपुर: रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सरस्वती नगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्यवाही की है । पुलिस ने कुकुरबेड़ा ओवरब्रिज के नीचे गांजा बेचने की फिराक में खड़े एक महिला सहित दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है । आरोपियों के पास से ₹3,10,000 की अनुमानित कीमत का 6.200 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है ।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
24 मई 2026 को सरस्वती नगर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुकुरबेड़ा ओवरब्रिज के नीचे दो व्यक्ति गांजा लेकर ग्राहक की तलाश में खड़े हैं । सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) श्री संदीप पटेल के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया ।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) श्री राहुल देव शर्मा एवं सहायक पुलिस आयुक्त (आजाद चौक) श्री ईशु अग्रवाल (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में सरस्वती नगर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और दोनों संदिधों को धर दबोचा । तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद थैले से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ ।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान देवार बस्ती, कुकुरबेड़ा निवासी बताई । गिरफ्तार किए गए आरोपियों का विवरण इस प्रकार है:
- आरोपी 1: चिन्ना यादव (45 वर्ष), पिता- स्व. रामू यादव, निवासी- देवार बस्ती, कुकुरबेड़ा, रायपुर ।
- आरोपी 2: तनुजा देवार (45 वर्ष), पति- स्व. जागीर देवार, निवासी- देवार बस्ती, कुकुरबेड़ा, रायपुर ।
कठोर वैधानिक कार्यवाही
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सरस्वती नगर में अपराध क्रमांक 104/26, धारा 20 (बी), 29 NDPS अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है ।
पुलिस का संदेश: रायपुर कमिश्नरेट के वेस्ट जोन में नशे के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा । अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ आगे भी ऐसी ही कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी ।
