कुनकुरी : जशपुर जिले के कुनकुरी नगर में मंगलवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब थाना परिसर स्थित ऊंचे टॉवर पर एक 22 वर्षीय युवती का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। सुबह करीब 6 बजे जैसे ही लोगों को घटना की जानकारी मिली, पूरे नगर में खबर आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते थाना परिसर और आसपास भारी भीड़ जमा हो गई। हर कोई इस दर्दनाक और रहस्यमयी घटना को लेकर स्तब्ध नजर आया।
मिली जानकारी के अनुसार सुबह करीब 5 बजे से 6 बजे के बीच यह पूरी घटना हुई। टॉवर की ऊंचाई अधिक होने के कारण पुलिस, नगर सेना और बचाव दल को शव नीचे उतारने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। करीब तीन से चार घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आखिरकार युवती के शव को नीचे उतारा जा सका।
मृतका की पहचान सीमावर्ती ग्राम धुमाडांड निवासी 22 वर्षीय निलिमा लकड़ा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजन भी थाना पहुंच गए, जहां का माहौल बेहद गमगीन हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पटनवार ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतका की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात सामने आई है। मृतका की मां ने पुलिस को बताया कि निलिमा पहले भी आत्महत्या का प्रयास कर चुकी थी। साथ ही वह मोबाइल पर टॉवर में चढ़कर फांसी लगाने से जुड़े वीडियो भी देखा करती थी।
घटना के बाद कुनकुरी पुलिस, नगर सेना, डीडीआरएफ और नगर पंचायत की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हालांकि यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस किसी भी एंगल को नजरअंदाज नहीं कर रही है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। थाना परिसर जैसे संवेदनशील इलाके में हुई इस घटना ने पूरे कुनकुरी क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
