‘संवाद से समाधान’ कार्यक्रम के अंतर्गत रायपुर कमिश्नरेट की साइबर जागरूकता पहल, ऑनलाइन फ्रॉड एवं डिजिटल अरेस्ट से बचाव के लिए नागरिकों को किया जागरूक
प्रादेशिक बंगाली समाज सेवा समिति एवं सिटी महा कालीबाड़ी-विश्वनाथ मंदिर समिति के सहयोग से आयोजित हुआ विशेष जागरूकता कार्यक्रम
रायपुर : डिजिटल अरेस्ट, फर्जी पुलिस कॉल और ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों के बीच रायपुर कमिश्नरेट ने नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया। ‘संवाद से समाधान’ कार्यक्रम के तहत आयोजित इस पहल में करीब 100 लोगों को साइबर ठगी के नए तरीकों और उनसे बचाव के जरूरी उपायों की जानकारी दी गई।
रायपुर कमिश्नरेट द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान, पुलिस एवं आमजन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने तथा जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित *संवाद से समाधान’ कार्यक्रम के अंतर्गत दिनांक 28.11.2026 को ऑनलाइन फ्रॉड एवं साइबर अपराध से सुरक्षा विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रादेशिक बंगाली समाज सेवा समिति छत्तीसगढ़ एवं सिटी महा कालीबाड़ी एवं विश्वनाथ मंदिर समिति, पंडरी के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस विभाग के साइबर अपराध विशेषज्ञों द्वारा नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। इस दौरान समाज के लगभग 100 लोग शामिल थे।
कार्यक्रम में तेजी से बढ़ रहे ऑनलाइन फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर ठगी करने, अनजान लिंक एवं कॉल के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी तथा ऑनलाइन शॉपिंग एवं डिजिटल भुगतान से जुड़े साइबर अपराधों के संबंध में विस्तार से बताया गया। साइबर अपराध विशेषज्ञों ने अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले तरीकों की जानकारी देते हुए उनसे बचने के लिए आवश्यक सावधानियों के बारे में समझाइश दी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों की शंकाओं एवं जिज्ञासाओं का सीधे संवाद के माध्यम से समाधान किया गया। विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों एवं डिजिटल भुगतान तथा ऑनलाइन शॉपिंग करने वाले लोगों को सतर्क रहने, अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने तथा साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल पुलिस एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना देने की जानकारी दी गई।
रायपुर कमिश्नरेट द्वारा ‘संवाद से समाधान’ कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, नागरिकों एवं समुदायों के साथ सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं के समाधान के साथ-साथ जनजागरूकता की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच विश्वास एवं सहभागिता को मजबूत करना तथा नागरिकों को सुरक्षित एवं जागरूक बनाना है।
