जशपुर में ‘कॉफी विद कलेक्टर’ बना युवाओं के सपनों को नई दिशा देने का मंच—प्रशासनिक अधिकारियों के साथ संवाद, मार्गदर्शन और उत्कृष्ट स्वयंसेवकों का सम्मान

कॉफी विद कलेक्टर कार्यक्रम का सफल आयोजन, युवाओं को मिला प्रशासनिक मार्गदर्शन एवं सम्मान

जशपुर : जिला प्रशासन,पुलिस प्रशासन,UNICEF, एग्रीकोन सर्वहितम के सहयोग से आयोजित “कॉफी विद कलेक्टर” कार्यक्रम का सफल आयोजन मंगलवार को जिला कलेक्टर सभाकक्ष में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के युवाओं एवं स्वयंसेवकों को प्रशासनिक अधिकारियों से सीधे संवाद का अवसर प्रदान करना, उनके करियर मार्गदर्शन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विकासखंडों से चयनित स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ खुलकर संवाद किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्या की देवी मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात सभी मुख्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं छत्तीसगढ़ी गमछा भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला समन्वयक सुश्री शालिनी गुप्ता द्वारा कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्य पर विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई।

कार्यक्रम में जिले के कलेक्टर श्री रोहित व्यास मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ लाल उमेश सिंह, समग्र शिक्षा विभाग से दीपा मैम, महिला एवं बाल विकास विभाग से अंजना चौहान, मीडिया जगत के प्रतिनिधि तरूण भैय्या एवं गायत्री परिवार के सदस्य पार्वती चौहान युवा कार्यकर्ता रवि गुप्ता उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त संगवारी संस्था से डीसी ज्योतिरादित्य सिंह, एडीसी विक्रम तथा एनसीडी से डायमंड महंत और प्रथम फाउंडेशन से सोमनाथ की विशेष उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।

कार्यक्रम में जिले के सभी आठों विकासखंडों से आए स्वयंसेवकों ने करियर, शिक्षा, नेतृत्व विकास, सामाजिक कार्यों और भविष्य की चुनौतियों से जुड़े विभिन्न प्रश्न प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष रखे, जिनका अधिकारियों ने विस्तारपूर्वक समाधान किया।

अपने प्रेरणादायक संबोधन में कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने युवाओं को समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने, सकारात्मक सोच अपनाने तथा अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति किसी भी समाज की सबसे बड़ी ताकत होती है और यदि वह सही दिशा में कार्य करे तो बड़े परिवर्तन संभव हैं।

कार्यक्रम के दौरान प्रदेश स्तर पर विकसित “युवोदय ऐप” की भी विशेष चर्चा की गई। इस ऐप के माध्यम से स्वयंसेवक अपने फील्ड में किए जा रहे सामाजिक कार्यों और गतिविधियों को अपलोड करते हैं, जिसके आधार पर उनकी सक्रियता और योगदान का मूल्यांकन किया जाता है। इसी क्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयंसेवकों को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित भी किया गया। जशपुर जिले से शालू गुप्ता, नेहा एक्का,रिंटा गुप्ता एवं दिव्या वर्तमान में शीर्ष स्थानों पर हैं, जिन्हें कार्यक्रम के दौरान विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

स्वयंसेवकों के सहयोग में सदैव तत्पर रहने वाले ऑटो चालक रुस्तम भैया को भी कार्यक्रम में विशेष सम्मान प्रदान किया गया, जिससे समाज में सहयोग और सेवा की भावना को प्रोत्साहन मिला।

महिला एवं बाल विकास विभाग से अंजना चौहान ने बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण और अधिकारों पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की तथा स्वयंसेवकों से अपील की कि वे अपने क्षेत्रों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने में सहयोग करें।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार ने स्वयंसेवकों को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवकों द्वारा आयोजित कार्यक्रमों की पूर्व सूचना प्रशासन को देने पर प्रशासन उनकी बेहतर तैयारी और सहयोग सुनिश्चित करेगा। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने भी स्वयंसेवकों को सड़क सुरक्षा कार्यों में सहयोग देने और पुलिस‌ मितान बनने के लिए आमंत्रित किए और उनको प्रोत्साहित करते हुए पुलिस प्रशासन के साथ काम करने के लिए प्रेरित किए और हर संभव मार्गदर्शन एवं सहयोग का भरोसा दिलाया।

इस सफल आयोजन में सुश्री शालिनी गुप्ता, विकासखंड समन्वयक गुरुदेव प्रसाद एवं विकासखंड समन्वयक पंकज यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके समन्वय, नेतृत्व और अथक प्रयासों से कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के अंत में सभी स्वयंसेवकों ने इसे प्रेरणादायक, ज्ञानवर्धक एवं अपने भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी पहल बताया। अंत में सभी ने उत्साहपूर्वक “जय हो जशपुर” का नारा लगाकर कार्यक्रम का समापन किया।

यह आयोजन युवाओं और प्रशासन के बीच संवाद का एक सशक्त माध्यम बनकर उभरा, जिसने न केवल युवाओं को प्रेरित किया बल्कि उन्हें समाज निर्माण में अपनी भूमिका और जिम्मेदारी का भी एहसास कराया।

Related posts