नारायणपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपी पहुंचा सलाखों के पीछे
नारायणपुर : पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में नारायणपुर पुलिस को धोखाधड़ी के एक महत्वपूर्ण प्रकरण में सफलता प्राप्त हुई है। थाना झाराघाटी में दर्ज अपराध क्रमांक 01/2026 धारा 318(4) बीएनएस के मामले में आरोपी बादल सिंह पिता शमशेर सिंह उम्र 37 वर्ष निवासी रबर फैक्ट्री रोड, राजीव गांधी वार्ड, जिला जबलपुर (म.प्र.) को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया है।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा विशेष टीम गठित कर मामले की विस्तृत जांच प्रारंभ की गई। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी द्वारा ग्राम झाराघाटी क्षेत्र सहित नारायणपुर जिले के विभिन्न गांवों एवं बाजार क्षेत्रों में किराना व्यापारियों को कोल्ड ड्रिंक्स, फ्रीजर एवं अन्य सामग्री सप्लाई करने का झांसा देकर ठगी की जा रही थी। आरोपी स्वयं को “गुरुनानक कोल्ड ड्रिंक्स रायपुर” कंपनी का सेल्स प्रतिनिधि बताकर व्यापारियों से संपर्क करता था तथा फर्जी बिल बुक एवं नकली दस्तावेज दिखाकर लोगों का विश्वास जीतता था।
प्रार्थी शंकरदास बघेल निवासी ग्राम महिमावाड़ी, थाना झाराघाटी द्वारा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि आरोपी उसकी दुकान में आया तथा स्वयं को कंपनी का अधिकृत सेल्समैन बताते हुए कम दरों पर कोल्ड ड्रिंक्स, फ्रीजर एवं अन्य सामग्री उपलब्ध कराने की बात कही। आरोपी द्वारा विभिन्न ऑफर एवं योजनाओं का लालच देकर नगद राशि एवं फोन-पे के माध्यम से कुल ₹33,560/- प्राप्त कर लिया गया। भुगतान प्राप्त करने के बाद आरोपी द्वारा न तो सामान उपलब्ध कराया गया और न ही राशि वापस की गई। कुछ समय बाद आरोपी का मोबाइल फोन बंद हो गया तथा वह फरार हो गया।
शिकायत प्राप्त होने के पश्चात थाना झाराघाटी पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल नंबर, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन एवं अन्य दस्तावेजों की जांच की गई। जांच में पाया गया कि आरोपी व्यापारियों से प्राप्त राशि अपने मोबाइल नंबर से जुड़े फोन-पे खाते में ट्रांसफर करवाता था। पुलिस द्वारा आरोपी की गतिविधियों एवं लोकेशन का लगातार पता लगाया गया, जिसके आधार पर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने फर्जी बिल बुक तैयार कर विभिन्न व्यापारियों से रकम लेने की बात स्वीकार की। आरोपी द्वारा नकली कंपनी दस्तावेजों का उपयोग कर लोगों को विश्वास में लेकर धोखाधड़ी करना स्वीकार किया गया है। मामले में अन्य पीड़ित व्यापारियों की जानकारी भी सामने आ रही है, जिसकी विस्तृत जांच की जा रही है।
प्रकरण में थाना झाराघाटी पुलिस द्वारा विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।
नारायणपुर पुलिस आमजन एवं व्यापारियों से अपील करती है कि किसी भी व्यक्ति अथवा कंपनी प्रतिनिधि पर बिना सत्यापन विश्वास न करें। किसी भी प्रकार का ऑनलाइन अथवा नगद भुगतान करने से पूर्व संबंधित कंपनी, बिल एवं पहचान दस्तावेजों की भली-भांति जांच अवश्य करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा धोखाधड़ी की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को दें।
नारायणपुर पुलिस जनता की सुरक्षा, विश्वास एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु सतत प्रतिबद्ध है। जिले में अपराध एवं धोखाधड़ी जैसी गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी लगातार सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
