मुख्यमंत्री के भाई व बगिया के पूर्व सरपंच स्व. ओमप्रकाश साय की तृतीय पुण्यतिथि पर दी गई श्रद्धांजलि, उनकी जनसेवा की भावना को आज भी क्षेत्र के लोग करते हैं याद
जशपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के भाई व बगिया के पूर्व सरपंच एवं गरीबों के मसीहा के रूप में पहचान रखने वाले स्वर्गीय ओमप्रकाश साय की तृतीय पुण्यतिथि पर आज बगिया में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर परिवारजनों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके द्वारा समाज के लिए किए गए कार्यों को स्मरण किया।स्वर्गीय ओमप्रकाश साय को याद करते हुए उपस्थित लोगों ने कहा कि वे हमेशा गरीब, जरूरतमंद एवं आमजन के सुख-दुःख में साथ खड़े रहने वाले सरल एवं मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे।
उनके सामाजिक कार्यों और जनसेवा की भावना को आज भी क्षेत्र के लोग याद करते हैं।उपस्थित सभी लोगों ने स्वर्गीय ओमप्रकाश साय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर विनम्र श्रद्धांजलि दी और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने कहा कि स्वर्गीय ओमप्रकाश साय का जीवन समाज सेवा, सादगी और लोगों के प्रति समर्पण का प्रतीक था। उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज सेवा करने का संकल्प भी लोगों ने लिया।
