आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ीं जशपुर की महिलाएं: उन्नत बकरीपालन प्रशिक्षण के लिए 52 हितग्राही रायपुर रवाना, आधुनिक तकनीकों से बढ़ेगी आय और रोजगार के अवसर

जशपुर : कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देशानुसार कुनकुरी विकासखंड की 52 महिला हितग्राही उन्नत बकरीपालन प्रशिक्षण हेतु रायपुर रवाना की गई।यह प्रशिक्षण राज्य कृषि प्रबंधन एवं विस्तार प्रशिक्षण संस्थान रायपुर में आयोजित किया जा रहा है।

 प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को वैज्ञानिक एवं आधुनिक बकरीपालन तकनीकों की जानकारी प्रदान कर उनकी आय में वृद्धि करना तथा उन्हें स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को बकरी नस्ल प्रबंधन, आवास व्यवस्था, पोषण, स्वास्थ्य प्रबंधन, टीकाकरण, रोग नियंत्रण एवं विपणन संबंधी विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा व्यावहारिक एवं तकनीकी जानकारी दी जाएगी।

 महिला हितग्राहियों के दल को जनपद पंचायत कुनकुरी की अध्यक्ष श्रीमती सुशीला साय, कृषि स्थायी समिति के अध्यक्ष श्री विश्वनाथ सिदार, जनपद सदस्य श्रीमती निवेदिता मिश्रा एवं श्रीमती प्रतिभा बाई की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर रायपुर के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने प्रशिक्षण प्राप्त करने जा रही महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव का उपयोग कर वे अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ अन्य महिलाओं को भी प्रेरित करेंगी।

 मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जशपुर के मार्गदर्शन में पशुपालन विभाग द्वारा संचालित यह पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाते तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के स्थायी साधन विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रशिक्षणोपरांत महिला हितग्राही अपने क्षेत्र में आधुनिक बकरीपालन को बढ़ावा देकर आय सृजन के नए अवसर विकसित कर सकेंगी।

Related posts