सूरजपुर में 15 नए एसआई की थानों में शुरू हुई व्यावहारिक ट्रेनिंग, पुलिसिंग व कानून की बारीकियां सीखेंगे, डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर ने जारी किया आदेश.
सूरजपुर : सूरजपुर पुलिस बल को 15 नए सब-इंस्पेक्टर (एसआई) मिले हैं। बेसिक प्रशिक्षण पूरा करने के बाद अब ये युवा अधिकारी जिले के विभिन्न शहरी और ग्रामीण थानों में व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। अनुभवी अधिकारियों के मार्गदर्शन में कानून-व्यवस्था, अपराध जांच और जनसेवा की बारीकियां सीखकर ये नए एसआई भविष्य की पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
जिले को 15 नए एसआई मिले हैं। बेसिक ट्रेनिंग पूरी करने के बाद इन सभी अधिकारियों को अब व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए शहरी और ग्रामीण थानों में पदस्थ किया गया है। डीआईजी व एसएसपी श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने इनके लिए पदस्थापना आदेश जारी कर दिए हैं।

जारी आदेश के अनुसार नए एसआई को कानून-व्यवस्था, अपराध जांच और पुलिसिंग के व्यावहारिक अनुभव के लिए अलग-अलग थानों में तैनात किया गया है। सबसे अधिक 4 एसआई की पदस्थापना थाना सूरजपुर, 2-2 को थाना विश्रामपुर, जयनगर, भटगांव, प्रतापपुर व 1-1 एसआई को थाना प्रेमनगर, झिलमिली व रामानुजनगर थाने में की गई है। नए अधिकारियों को अनुभवी पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्य करने का अवसर मिलेगा। जिससे वे पुलिस कार्यप्रणाली, अपराध अनुसंधान और जनता से जुड़ी जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे।
