नशे को कहा अलविदा, विकास को चुना रास्ता: विश्वस्तरीय एथलीट अनिमेश कुजूर के गांव घुईटांगर सहित पूरे कमतरा पंचायत ने रचा इतिहास, नशामुक्ति और यातायात जागरूकता का बना मॉडल

नशा छोड़ो जीवन जोड़ो” के तहत ग्राम कमतरा (कुनकुरी ब्लाॅक) हुआ नशा मुक्त ग्राम, ग्रामीणों ने लिया संकल्प,

विश्वपटल पर एथेलेटिक का परचम लहराने वाले अनिमेश कुजूर इसी ग्राम पंचायत के घुईटांगर ग्राम के निवासी हैं,

ग्राम पंचायत कमतरा में युवा मिलन समारोह का आयोजन हुआडीआईजी एवं एसएसपी डाॅ. लाल उमेद सिंह स्वयं उपस्थित रहे,

ग्रामीणों ने नशा नहीं करने का संकल्प लिया और साथ ही यातायात नियमों का पालन करने हेतु संकल्प लिया,

ग्राम के प्रतिभावान बच्चों को पुरष्कृत कर सभी का करियर मार्गदर्शन किया गया,

जशपुर : दिनांक 04.06.2026 को कुनकुरी ब्लाॅक के ग्राम कमतरा में युवा मिलन समारोह का आयोजन हुआ, इस कार्यक्रम में डीआईजी एवं एसएसपी डाॅ. लाल उमेद सिंह, एसडीओपी कुनकुरी श्री विनोद मंडावी, उप पुलिस अधीक्षक श्री कुंजराम चौहान, थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक राकेश यादव, श्री मोरिस मिंज (सेवा निवृत्त भारतीय सेना), जशपुर एथेलेटिक्स संघ के अध्यक्ष श्री अभिषेक कुजूर, ग्राम सरपंच, सचिव श्रीमती रेषमा यादव एवं अन्य ग्रामीणजन सहित काफी संख्या में छात्र/छात्राएं एवं युवा उपस्थित रहे। मंच का संचालक श्री असीम टोप्पो के द्वारा किया गया।

कार्यक्रम की शुरूआत महतारी वंदन, राष्ट्रगान से की गई, स्वागत गीत ग्राम घुईटांगर के व्यक्तियों के द्वारा गाया गया, तत्पष्चात् कार्यक्रम में नशा-मुक्ति एवं यातायात नियम के विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र/छात्रायें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिये। विजेताओं को डीआईजी एवं एसएसपी द्वारा पुरष्कृत किया गया। पुलिस की कार्यवाही के बारे में रितिका मिंज द्वारा बताया गया। 

इसके साथ ही ग्राम के कक्षा 1 ली कक्षा के उत्कृष्ठ छात्र अभिराज कुजूर, 2 री कक्षा के आजमी एक्का, 3 री कक्षा के एरिक जयष खलखो, 4 थी कक्षा के मिस्थी मिंज, 5वीं कक्षा के प्रज्ञा निधि कुजूर, 6 वीं कक्षा के बीरा बाई, 7 वीं कक्षा के भूपेन्द्र राम, 8 वीं कक्षा के नितिन राम, 9 वीं कक्षा के नितिन राम, 10 वीं कक्षा के तनिषा सिंह, 11 वीं कक्षा के अतुल टोप्पो, 12 वीं कक्षा में खुष्बू पन्ना द्वारा उच्चतम अंक लाने पर डीआईजी एवं एसएसपी द्वारा पुरष्कृत किया गया, साथ ही उनका करियर मार्गदर्षन किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डाॅ. लाल उमेद सिंह ने ग्राम पंचायत कमतरा के नशा मुक्त होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है कि ग्रामीणों, युवाओं एवं जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयास से गांव में नशा मुक्ति की दिशा में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज के विकास में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और जब युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों में अपना योगदान देते हैं, तब समाज तेजी से प्रगति करता है।

डाॅ. सिंह ने नशे की शुरुआत और उसके दुष्परिणामों के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि अधिकांश लोग जिज्ञासा, साथियों के दबाव अथवा शौक के रूप में नशे की शुरुआत करते हैं, लेकिन धीरे-धीरे यही आदत लत का रूप ले लेती है। नशा व्यक्ति की सोचने-समझने की क्षमता को प्रभावित करता है, स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है तथा परिवार और समाज में अनेक समस्याओं को जन्म देता है। उन्होंने कहा कि नशा धीरे-धीरे इंसान को अंदर से खोखला कर देता है और उसके उज्ज्वल भविष्य को अंधकारमय बना देता है।

इस अवसर पर उन्होंने युवाओं एवं ग्रामीणों को यातायात नियमों की भी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली अधिकांश जनहानि यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होती है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग जीवन रक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, स्वयं जागरूक रहने तथा अपने परिवार एवं परिचितों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।

एसडीओपी कुनकुरी विनोद मंडावी ने लोगों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन कर स्वयं और अपने परिवार को सुरक्षित रखें। साथ ही नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सुरक्षित एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाने का संदेश दिया।

उप पुलिस अधीक्षक कुंजराम चौहान ने लोगों से अपील किया कि सुरक्षित जीवन के लिए हेलमेट, सीट बेल्ट एवं यातायात नियमों का पालन अत्यंत आवश्यक है। साथ ही नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन जीने का संदेश दिया।

ग्राम सरपंच अभिषेक कुजूर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नशे के दुष्परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है तथा युवाओं को इससे दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों की ओर अग्रसर होना चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट एवं चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य रूप से करें तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर स्वयं एवं अपने परिवार को सुरक्षित रखें। नशा मुक्त समाज और सुरक्षित यातायात, एक जागरूक एवं विकसित राष्ट्र की पहचान है।

थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक राकेश यादव ने ने युवाओं एवं ग्रामीणों को संबोधित करते हुए नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति की सोच, स्वास्थ्य, परिवार एवं भविष्य को प्रभावित करता है, इसलिए सभी को नशे से दूर रहकर एक स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन शैली अपनानी चाहिए। साथ ही निरीक्षक राकेश यादव ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट एवं चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग अवश्य करें। सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर ही दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है और बहुमूल्य जीवन की रक्षा की जा सकती है।

विदित हो कि ग्राम कमतरा के ग्रामीणों द्वारा सामूहिक सहमति एवं संकल्प के साथ ग्राम कमतरा को ”नशा मुक्त ग्राम“ घोषित किया गया है। इस निर्णय के तहत ग्राम के सभी नागरिकों ने यह संकल्प लिया है कि गांव में कोई भी व्यक्ति किसी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करेगा तथा न ही किसी भी प्रकार की नशीली सामग्री का विक्रय, भंडारण अथवा अवैध कारोबार होने दिया जाएगा। ग्रामवासियों ने नशा मुक्त, स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण हेतु एकजुट होकर यह महत्वपूर्ण पहल की है, जिससे युवा पीढ़ी को सकारात्मक दिशा मिल सके और गांव का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके। ग्रामीणों का यह प्रयास सामाजिक जागरूकता, जनसहभागिता एवं सामुदायिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरा है।

विष्वपटल पर एथेलेटिक का परचम लहराने वाले श्री अनिमेश कुजूर इसी ग्राम पंचायत के घुईटांगर ग्राम के निवासी हैं जो युवाओं के प्रेरणास्त्रोत हैं। ग्राम पंचायत कमतरा में शिक्षा, युवा सशक्तिकरण एवं नशा मुक्ति अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में श्री अनिमेष कुजूर की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करने, सामाजिक एकता को मजबूत करने तथा गांव को नशा मुक्त एवं शिक्षित बनाने के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों का आभार प्रगट किया गया।

Related posts