सिकल सेल उन्मूलन की दिशा में बड़ा कदम: कांसाबेल में 60 स्वास्थ्यकर्मियों को मिला विशेष प्रशिक्षण, मरीजों को बेहतर और समयबद्ध उपचार देने पर जोर

जशपुर : जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर एवं यूनिसेफ के सहयोग से बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांसाबेल में सिकल सेल संगवारी टीम द्वारा स्वास्थ्यकर्मियों के लिए सिकल सेल रोग विषयक क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांसाबेल से बीएमओ (प्रभार) डॉ. एस. तिर्की एवं बीपीएम श्री ज्ञान दास महंत, संगवारी टीम से डॉ. बैद्यनाथ देवनाथ(ट्रेनर),जिला अस्पताल जशपुर की संगवारी टीम से जिला समन्वयक श्री ज्योतिरादित्य सिंह तथा सहायक जिला समन्वयक श्री विक्रम प्रामाणिक उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण में कुल 60 स्वास्थ्यकर्मियों ने सहभागिता की, जिनमें मेडिकल ऑफिसर (MO),लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO), स्टाफ नर्स, आरएमए,  सुपरवाइजर,  काउंसलर सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल थे।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सिकल सेल रोग की पहचान, प्रकार, लक्षण, जांच प्रक्रिया, उपचार प्रबंधन, जटिलताओं की रोकथाम, नियमित फॉलो-अप, परामर्श सेवाओं एवं रोगियों की समग्र देखभाल संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही सिकल सेल उन्मूलन एवं नियंत्रण कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन में स्वास्थ्यकर्मियों की भूमिका पर भी विशेष चर्चा की गई।

प्रशिक्षण का उद्देश्य स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत स्वास्थ्यकर्मियों की तकनीकी क्षमता को सुदृढ़ करना तथा सिकल सेल प्रभावित व्यक्तियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया तथा सिकल सेल प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम स्वास्थ्यकर्मियों के ज्ञान एवं कौशल संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ, जिससे सिकल सेल रोगियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।

Related posts