साइबर जन जागरूकता कार्यक्रम : सरगुजा पुलिस ने लोगों को किया सतर्क, साइबर अपराधियों के नए हथकंडों का खुलासा, एक क्लिक की गलती और खाली हो सकता है बैंक खाता ! फर्जी कॉल, यूपीआई फ्रॉड और सोशल मीडिया जाल से बचिए.

डीआईजी/एसएसपी श्री राजेश कुमार अग्रवाल पुलिस अधीक्षक सरगुजा के दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन में जनसहभागिता के उद्देश्य से आज कला केंद्र मैदान अंबिकापुर में आयोजित मेले के दौरान साइबर सेल टीम, सरगुजा पुलिस मितान एवं साइबर वॉलंटियर्स द्वारा व्यापक साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक, जनसंवाद तथा प्रत्यक्ष जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी से अवगत कराया गया।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ऑनलाइन ठगी, फर्जी बैंक कॉल, ओटीपी एवं यूपीआई धोखाधड़ी, सोशल मीडिया फ्रॉड, निवेश के नाम पर ठगी, साइबर बुलिंग तथा डिजिटल सुरक्षा जैसे विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने यह संदेश दिया कि थोड़ी सी सावधानी और जागरूकता से अधिकांश साइबर अपराधों से बचा जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान साइबर सेल, साइबर वॉलंटियर्स एवं पुलिस मितानों ने मेले में उपस्थित नागरिकों से सीधे संवाद कर उन्हें साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले नए-नए तरीकों की जानकारी दी तथा किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने एवं संबंधित साइबर अपराध पोर्टल पर रिपोर्ट करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही महिलाओं, युवाओं एवं विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने तथा व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करने की सलाह दी गई।

सरगुजा पुलिस मितान टीम ने बताया कि साइबर अपराधों की रोकथाम में जनजागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम है। इसी उद्देश्य से भविष्य में भी विद्यालयों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं सामुदायिक कार्यक्रमों में निरंतर जागरूकता अभियान संचालित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी पहुंचाई जा सके।

इस कार्यक्रम में साइबर सेल से अमन पूरी, महिला थाना स्टॉफ एवं पुलिस मितान टीम से विभाश्री सिंह, खुशी कन्नौजिया, आर्यन पाण्डेय, विकेश राजवाड़े, लक्ष्मी पैकरा, रश्मि शर्मा, अनुशा राजवाड़े, मानसी रजवाड़े, सहित अन्य स्वयंसेवकों की सक्रिय सहभागिता रही। सभी सदस्यों ने जनजागरूकता गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का कार्य किया।

Related posts