सूरजपुर पुलिस का अभियान : युद्ध नशे के विरुद्ध, नशे से दूरी बनाने की पहल ‘अभियान नवजीवन’.
स्कूली बच्चों ने नशे से दूरी के लिए रंगोली, निबंध व पोस्टर के माध्यम से दिया व्यापक संदेश.
सूरजपुर : युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और समाज में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से सूरजपुर पुलिस द्वारा “युद्ध नशे के विरुद्ध – अभियान नवजीवन” के तहत प्रभावी पहल की जा रही है। इसी क्रम में थाना भटगांव पुलिस ने एडी जुबली स्कूल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्रों को नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम में बच्चों ने रंगोली, पोस्टर और निबंध के माध्यम से नशा मुक्त समाज का सशक्त संदेश दिया।
युवाओं को नशे से दूर रखने, नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए डीआईजी व एसएसपी श्री प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देशन में अभियान नवजीवन चलाया जा रहा है। इसी परिप्रेक्ष्य में सोमवार, 22 जून 2026 को थाना भटगांव पुलिस ने स्थानीय एडी जुबली स्कूल में विशेष जागरुकता अभियान का आयोजन किया जहां पुलिस ने छात्रों से सीधे संवाद कर उन्हें नशे के दुष्प्रभाव के बारे में जानकारी दी साथ ही इस बुराई के खिलाफ लड़ाई में उनका सहयोग भी मांगा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने यह संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने में योगदान देंगे।

थाना प्रभारी भटगांव बृजेश सिन्हा ने बेहद सरल भाषा में छात्रों को बताया जाता है नशा व्यक्ति के दिमाग और शरीर पर बुरा प्रभाव डालते हैं। इसकी लत व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आर्थिक रूप से कमजोर बना देती है। नशे की गिरफ्त में आने से पढ़ाई, करियर, पारिवारिक रिश्ते और सामाजिक जीवन पर नकारात्मक असर पड़ता है, इसलिए नशे से दूरी बनाकर रखे।
थाना प्रभारी ने कहा कि नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री, तस्करी या उससे जुड़ी किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है, उसे मानस पोर्टल टोल-फ्री नंबर 1933, पुलिस कन्ट्रोल रूम व संबंधित थाना प्रभारी को सीधे कॉल करके किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी दे सकते हैं या मदद मांग सकते है। शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है, जिससे लोग बिना किसी डर के सूचना साझा कर सकते हैं।
इस अवसर पर स्कूली बच्चों के द्वारा नशे से दूरी और जागरूकता के लिए आकर्षक व ज्ञानवर्धक जानकारियों को समाहित करते हुए रंगोली, पोस्टर का प्रदर्शन किया एवं निबंध के माध्यम से नशे से बचाव की जानकारी दी। पोस्टर मेकिंग में प्रथम दुर्गा राजवाड़े, द्वितीय अंश, तृतीय माही सिंह, रंगोली में प्रथम ऋतु राजवाड़े, द्वितीय नंदिनी तिवारी, तृतीय श्रेया मिश्रा, निबंध में प्रथम अंश को थाना प्रभारी के द्वारा मेमोंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष परमेश्वरी राजवाड़े, पार्षद लक्ष्मी महतो, पीएसआई कृष्ण भास्कर, अनिमेश दास, एएसआई विवेकानंद सिंह, राजकिशोर खलखो, स्कूल के प्राचार्य लियोस सदोम, शिक्षकगण, पुलिस कर्मचारी व स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।
