प्लास्टिक मुक्त रेलवे स्टेशन बनाने की पहल, बिलासपुर मंडल में व्यापक जागरूकता अभियान; रैली, पोस्टर और उद्घोषणा के जरिए यात्रियों-कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की दिलाई गई शपथ

बिलासपुर मंडल में “सिंगल यूज प्लास्टिक को कहें ना” थीम पर चलाया गया व्यापक जागरूकता अभियान

कर्मचारियों, वेंडरों एवं यात्रियों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने और पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए किया गया प्रेरित ।

बिलासपुर : पर्यावरण संरक्षण एवं सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारतीय रेलवे द्वारा 01 से 07 नवम्बर 2026 तक आयोजित ‘ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह’ के अंतर्गत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल में ‘मिशन लाइफ’ के तहत विभिन्न जागरूकता एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं।

इसी कड़ी में 05 नवम्बर को ‘सिंगल यूज प्लास्टिक को कहें ना’ थीम के अंतर्गत बिलासपुर मंडल के सभी स्टेशनों पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सफाई मित्रों एवं रेलवे वेंडर्स की सहभागिता से स्टेशन परिसर में जन-जागरूकता रैली आयोजित की गई। यात्रियों को सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले पर्यावरणीय दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए इसके उपयोग से बचने तथा प्लास्टिक के विकल्प के रूप में जूट एवं कपड़े से बने पुनः उपयोग योग्य (Reusable) बैग अपनाने के लिए प्रेरित किया गया | साथ ही प्लास्टिक बोतलों के उचित निष्पादन एवं पुनर्चक्रण को बढ़ावा देने हेतु स्टेशनों पर उपलब्ध प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीनों का अधिकाधिक उपयोग करने का आग्रह किया गया |

इसके अलावा सभी प्रमुख स्टेशनों के उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से संदेश प्रसारित कर तथा पोस्टर एवं बैनर का प्रावधान कर एवं यात्रियों से संवाद कर सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग बंद करने एवं स्वच्छ पर्यावरण बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया। इस दौरान कर्मचारियों द्वारा अपने कार्यस्थलों तथा आसपास के क्षेत्रों को प्लास्टिक मुक्त बनाए रखने, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की सामूहिक शपथ भी ली गई ।

Related posts