रायगढ़ पुलिस की सख्ती जारी : बिना कागजात चल रहा था कबाड़ का खेल, 2.85 टन संदिग्ध कबाड़ के साथ पिक-अप पकड़ाया, पुलिस ने गाड़ी सहित माल किया जब्त.

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिले में संचालित “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अवैध कबाड़ कारोबार के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पूंजीपथरा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम पूंजीपथरा बस्ती में दबिश देकर अवैध कबाड़ से लोड एक पिक-अप वाहन को जब्त करते हुए आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है।

दिनांक 22 जून 2026 की शाम पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम पूंजीपथरा एवं आसपास के क्षेत्रों में एक व्यक्ति अवैध रूप से कबाड़ की खरीदी-बिक्री कर रहा है। सूचना पर तत्काल थाना साइबर और थाना पूंजीपथरा पुलिस टीम ने ग्राम पूंजीपथरा बस्ती में दबिश दी, जहां पिक-अप वाहन क्रमांक CG13UJ2186 में कबाड़ खरीदते हुए एक व्यक्ति मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम बलवंत सारथी, पिता सुंदरलाल सारथी, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम हाटी, थाना छाल, जिला रायगढ़ बताया।

वाहन में लोड कबाड़ के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहने पर आरोपी कोई अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच के दौरान वाहन में लगभग 2.85 टन कबाड़, जिसकी अनुमानित कीमत ₹85,500 संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया। चोरी की संपत्ति होने के संदेह पर पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में उक्त कबाड़ तथा लगभग ₹6 लाख मूल्य के पिक-अप वाहन CG 13 AZ सहित कुल ₹6,85,500 मूल्य की संपत्ति विधिवत जब्त कर पुलिस कब्जे में ली।

मामले को लेकर थाना पूंजीपथरा में आरोपी बलवंत सारथी पिता सुंदर लाल सारथी 40 वर्ष निवासी ग्राम हाटी थाना छाल के विरुद्ध धारा 35(क), 35(ड) BNSS एवं धारा 303(2) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।

संपत्ति संबंधी अपराधों में अंकुश लगाने की दिशा में रायगढ़ पुलिस द्वारा “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अवैध कबाड़ कारोबार, चोरी की संपत्ति के क्रय-विक्रय तथा संगठित अपराधों के विरुद्ध आगे भी सघन अभियान जारी रहेगा।

Related posts