दुलदुला और बंदरचुवा में आधुनिक बस स्टैंड का निर्माण तेज, यात्रियों को जल्द मिलेगी बेहतर सुविधा
कलेक्टर रोहित व्यास ने निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण
गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश
जशपुर : जिले में यात्रियों को बेहतर आवागमन सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में दुलदुला एवं बंदरचुवा में आधुनिक बस स्टैंड का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने गुरुवार को दोनों निर्माणाधीन बस स्टैंडों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं-
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बस स्टैंड परिसर में बन रही दुकानों, शौचालय, यात्री सुविधाओं एवं अन्य निर्माण कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप किए जाएं, ताकि आम नागरिकों को लंबे समय तक बेहतर सुविधाएं मिल सकें। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बस स्टैंड में यात्रियों के लिए पर्याप्त बैठक व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय, सुरक्षित एवं व्यवस्थित परिसर तथा आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड केवल वाहनों के ठहराव का स्थान नहीं, बल्कि यात्रियों के लिए सुविधाजनक और स्वच्छ सार्वजनिक परिसर के रूप में विकसित किया जाए।
लगभग एक-एक करोड़ रुपये की लागत से हो रहा निर्माण –
दुलदुला एवं बंदरचुवा में दोनों बस स्टैंडों का निर्माण लगभग एक-एक करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है। इनके निर्माण पूर्ण होने के बाद जशपुर, कुनकुरी, पत्थलगांव सहित इस मार्ग से होकर गुजरने वाले हजारों यात्रियों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और बेहतर यात्री सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में और अधिक गति लाई जाए, ताकि बस स्टैंड शीघ्र पूर्ण होकर आमजन के उपयोग के लिए उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध हों और विकास कार्यों का लाभ जल्द से जल्द लोगों तक पहुंचे।
