जनप्रतिनिधियों से सीधे संवाद कर कलेक्टर ने सुनी क्षेत्र की समस्याएं
दुलदुला जनपद में विकास कार्यों की समीक्षा
पेयजल, सड़क, नाली, जल जीवन मिशन सहित विभिन्न मांगों पर दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
जशपुर : कलेक्टर रोहित व्यास ने गुरुवार को दुलदुला जनपद पंचायत कार्यालय में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की समस्याओं, विकास कार्यों एवं जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में उन्होंने जनप्रतिनिधियों से सुझाव आमंत्रित करते हुए कहा कि विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करने में जनप्रतिनिधियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है तथा प्राप्त सुझावों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने दुलदुला विकासखंड के विभिन्न गांवों की आवश्यकताओं एवं समस्याओं से कलेक्टर को अवगत कराया। कलेक्टर ने प्रत्येक मांग एवं सुझाव को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान बैठक में जनपद पंचायत दुलदुला के अध्यक्ष श्री राजकुमार सिंह, सरपंच श्री मनोज भगत, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग श्री संजय सिंह, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुनकुरी श्री नंदजी पांडे, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, ब्लॉक स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
15 नए पीडीएस भवनों की मिली स्वीकृति –
बैठक के दौरान दुलदुला क्षेत्र में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों के भवनों की आवश्यकता बताई। इस पर कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने जानकारी दी कि दुलदुला क्षेत्र के लिए 15 नए पीडीएस भवन स्वीकृत किए जा चुके हैं, जिनके निर्माण से हितग्राहियों को शासकीय राशन लेने में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
नाली निर्माण और पेयजल समस्या के समाधान के निर्देश –
दुलदुला ग्राम पंचायत में नाली निर्माण की आवश्यकता बताए जाने पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। वहीं चराईडांड, पंडरीआंबा एवं पतराटोली के कुछ हिस्सों में पेयजल संकट की जानकारी मिलने पर उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को मौके पर निरीक्षण कर आवश्यक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में नोनियातला आईटीआई कॉलेज के समीप सड़क निर्माण की मांग भी रखी गई। इस पर कलेक्टर ने अधिकारियों को आवश्यक कार्ययोजना तैयार कर प्रस्ताव उच्च स्तर पर भेजने के निर्देश दिए। जनप्रतिनिधियों ने कुछ स्थानों पर जल जीवन मिशन के कार्य बंद होने की जानकारी भी दी। इस पर कलेक्टर ने पीएचई विभाग के अधिकारियों को तत्काल स्थल निरीक्षण कर कार्य पुनः प्रारंभ कराने और समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
चराईडांड शिव मंदिर के जीर्णोद्धार को मिलेगी नई पहचान –
चराईडांड स्थित प्राचीन शिव मंदिर के जीर्णोद्धार की मांग पर कलेक्टर ने बताया कि राज्य शासन से इसके लिए 15 लाख रुपये की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि मंदिर का जीर्णोद्धार भव्य एवं व्यवस्थित रूप से कराया जाएगा।
आंगनबाड़ी, सामुदायिक भवन और मुक्तिधाम के प्रस्ताव तैयार होंगे –
बैठक में खूंटीटोली में आंगनबाड़ी केंद्र भवन, सामुदायिक भवन एवं मुक्तिधाम निर्माण की मांग रखी गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। वहीं मांझीटोली में सीसी रोड निर्माण की मांग पर भी आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री व्यास ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई सभी समस्याओं पर प्राथमिकता से कार्रवाई की जाएगी। जो कार्य जिला स्तर पर संभव होंगे, उनका शीघ्र निराकरण किया जाएगा, जबकि बड़े एवं उच्चस्तरीय कार्यों के प्रस्ताव शासन को भेजे जाएंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन और प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बच्चों को स्कूल और छात्रावास भेजने की अपील –
बैठक में कलेक्टर ने जनप्रतिनिधियों से नए शैक्षणिक सत्र को देखते हुए अधिक से अधिक बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय एवं छात्रावास भेजने के लिए अभिभावकों को प्रेरित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे की नियमित शिक्षा सुनिश्चित करना समाज और प्रशासन की साझा जिम्मेदारी है।
