तुमला-मेंडर-ओडिशा सीमा सड़क निर्माण के लिए 27.73 करोड़ की स्वीकृति, वर्षा बाद शुरू होगा कार्य
लोक निर्माण विभाग ने दी तथ्यात्मक जानकारी
जशपुर : तुमला से भेलवा तक सड़क की स्थिति को लेकर प्रकाशित समाचार के संबंध में लोक निर्माण विभाग, संभाग पत्थलगांव ने तथ्यात्मक जानकारी जारी की है। विभाग ने बताया कि तुमला से मेंडर-ओडिशा सीमा तक 12.80 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए राज्य शासन द्वारा 27 करोड़ 73 लाख 31 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। कार्यपालन अभियंता ने बताया कि नियमानुसार निविदा प्रक्रिया पूरी कर 5 जून 2026 को निर्माण एजेंसी को कार्यादेश जारी किया गया है तथा कार्य पूर्ण करने के लिए एक वर्ष की समय-सीमा निर्धारित है।
विभाग के अनुसार वर्तमान में वर्षा ऋतु के कारण डामरीकृत सड़क को उखाड़कर निर्माण कार्य प्रारंभ करना उचित नहीं है, क्योंकि इससे आवागमन और अधिक प्रभावित होगा। मौसम अनुकूल होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले की सड़कों के रखरखाव एवं निर्माण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
