जिला प्रशासन द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा एवं नशा मुक्ति अभियान आयोजित किया गया
जशपुर : जिले में MYBharat एवं जिला प्रशासन के समन्वय से स्वच्छता पखवाड़ा एवं नशामुक्ति अभियान का आयोजन
MYBharat जशपुर द्वारा जिला प्रशासन जशपुर के समन्वय से 1 से 15 अगस्त 2026 तक जिले के विभिन्न विकासखंडों एवं शैक्षणिक संस्थानों में स्वच्छता पखवाड़ा का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान युवाओं, विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी से स्वच्छता संबंधी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। साथ ही युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।
अभियान के अंतर्गत बी.एल. हायर सेकेंडरी स्कूल, बंदरचुआ (कांसाबेल), रामकृष्ण आश्रम स्कूल, बगीचा में चित्रकला प्रतियोगिता, टपकरा हॉस्टल एवं टपकरा कॉलेज, परसाबहार, सैजेश, दुलदुला हाई स्कूल, मधुबन ग्राम पंचायत, पथलगांव सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता एवं जागरूकता संबंधी गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रमों में MYBharat के स्वयंसेवकों एवं स्थानीय युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए स्वच्छ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया। अभियान के माध्यम से युवाओं को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
MYBharat जशपुर द्वारा बताया गया कि ऐसे जन-जागरूकता एवं युवा सहभागिता आधारित कार्यक्रमों के माध्यम से जिले में स्वच्छता, स्वस्थ जीवनशैली एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
