ग्रामीण विकास की तस्वीर बदलने की तैयारी, जशपुर में 58 महिलाओं को बनाया जा रहा तकनीकी रूप से दक्ष! अब माप-जोख, डिजिटल हाजिरी और वाटरशेड से लेकर फार्म पॉन्ड निर्माण तक संभालेंगी जिम्मेदारी, क्या गांवों में शुरू होगी बदलाव की नई कहानी?

विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु महिला मेटों का एक दिवसीय क्षमता विकास प्रशिक्षण आयोजित*

जशपुर : जनपद पंचायत दुलदुला के मंगल भवन में VB-G-RAM-G योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं महिलाओं की सहभागिता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से महिला मेटों का एक दिवसीय क्षमता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण में विभिन्न ग्राम पंचायतों से चयनित कुल 58 महिला मेटों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य VB-G-RAM-G के अंतर्गत कार्यों के सफल एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना तथा महिला मेटों को तकनीकी जानकारी, कार्यप्रणाली एवं आवश्यक कौशल से दक्ष बनाना था।

प्रशिक्षण के दौरान महिला मेटों को VB-G-RAM-G योजना का परिचय, योजना के अंतर्गत महिला मेटों की भूमिका एवं दायित्व, VGPP की अवधारणा एवं उसमें महिला मेटों की भूमिका, कार्यों की माप करने की तकनीक तथा मापन उपकरणों के उपयोग के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

इसके साथ ही NMMS के माध्यम से श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज करने की प्रक्रिया, अक्षांश एवं देशांतर (Latitude एवं Longitude) सहित कार्यस्थल की तस्वीरें लेने हेतु Angle Cam का उपयोग, मस्टर रोल एवं मेट रजिस्टर के संधारण और उपयोग के संबंध में व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

प्रशिक्षण में प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन (INRM) एवं वाटरशेड विकास की अवधारणा, VB-G-RAM-G के अंतर्गत Ridge-to-Valley Approach के आधार पर कार्ययोजना तैयार करने, ढाल के अनुसार उपयुक्त संरचनाओं के चयन तथा पौधरोपण के महत्व पर भी चर्चा की गई। विशेष रूप से फार्म पॉन्ड निर्माण के संबंध में स्थल चयन, लेआउट तैयार करना, इनलेट एवं आउटलेट की व्यवस्था, बर्म तथा मेड़ (Bund) निर्माण की तकनीकी जानकारी दी गई। साथ ही फार्म पॉन्ड को आजीविका संवर्धन से जोड़ने के लिए मछली पालन, बत्तख पालन, तालाब की मेड़ पर सब्जी उत्पादन एवं पौधरोपण आधारित आजीविका गतिविधियों के संबंध में भी विस्तार से बताया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में कार्यक्रम अधिकारी VBGRAMG, तकनीकी सहायक , ब्लॉक परियोजना प्रबंधक एन आर एल एम एवं हाई इम्पेक्ट मेगा वाटर शेड प्रोजेक्ट के सी एस ओ हर्षा ट्रस्ट की टीम उपस्थित रही। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन देने के साथ-साथ तकनीकी प्रक्रियाओं को व्यवहारिक रूप से समझाया गया।

 इस प्रशिक्षण से महिला मेटों की तकनीकी दक्षता, कार्यों के मापन एवं अभिलेख संधारण की समझ तथा प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन से संबंधित कार्यों के क्रियान्वयन की क्षमता में वृद्धि होगी। साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और VB-G-RAM-G के अंतर्गत गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी कार्यों के संचालन को बढ़ावा मिलेगा।

प्रशिक्षण का उद्देश्य महिला मेटों को केवल कार्यस्थल पर जिम्मेदारी निभाने तक सीमित न रखकर उन्हें ग्रामीण विकास एवं आजीविका संवर्धन की प्रक्रिया में एक सक्षम और सक्रिय भागीदार बनाना है।

Related posts