बैंक खाते में लिंक मोबाइल नंबर बदलकर ₹14.97 लाख की धोखाधड़ी के मामले में दूसरा आरोपी गिरफ्तार
धोखाधड़ी की रकम अपने खाते में प्राप्त करने और निकालने वाला आरोपी योगेश येड़े गिरफ्तार
पूर्व में एक्सिस बैंक देवेंद्र नगर शाखा का डिप्टी मैनेजर किया जा चुका है गिरफ्तार
रायपुर : थाना गंज के अपराध क्रमांक 246/2026, धारा 316(5) भारतीय न्याय संहिता, 2023 के तहत बैंक खाते में लिंक मोबाइल नंबर बदलकर करीब ₹14.97 लाख की धोखाधड़ी करने के प्रकरण में पुलिस को एक और सफलता मिली है। प्रकरण में आरोपी योगेश येड़े पिता कृष्णा, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम उमरी, पोस्ट मोहझारी, थाना लांजी, जिला बालाघाट (मध्यप्रदेश), हाल पता एकता नगर, जनता कॉलोनी, गुढ़ियारी, रायपुर को गिरफ्तार किया गया है।
पूर्व में बैंक के डिप्टी मैनेजर की हो चुकी है गिरफ्तारी
प्रकरण में एक्सिस बैंक के ग्राहक सुषमा कुमार के खाते से उनकी जानकारी एवं अनुमति के बिना ₹14,97,451.32 की राशि धोखाधड़ीपूर्वक ट्रांसफर एवं विड्रॉल की गई थी। जांच में सामने आया था कि आरोपियों द्वारा कम सक्रिय बैंक खाते को चिन्हित कर फर्जी कस्टमर एप्लिकेशन फॉर्म के माध्यम से खाते में लिंक मोबाइल नंबर बदलवाया गया तथा मोबाइल बैंकिंग के जरिए ट्रांजेक्शन लिमिट बढ़ाकर खाते की एफडी क्लोज की गई। इसके बाद राशि को योगेश येड़े के ‘इंडियन सेल्स’ नामक खाते में ट्रांसफर कर पंडरी स्थित एक्सिस बैंक शाखा से सेल्फ चेक के माध्यम से कैश विड्रॉल किया गया था। प्रकरण में एक्सिस बैंक की देवेंद्र नगर शाखा, फाफाडीह के तत्कालीन डिप्टी मैनेजर कुलदीप सिंह बिसेन को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है।
धोखाधड़ी की रकम प्राप्त करने वाला योगेश येड़े गिरफ्तार
प्रकरण की विवेचना के दौरान बैंकिंग रिकॉर्ड, ट्रांजेक्शन डिटेल एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी योगेश येड़े की भूमिका सामने आने पर उसकी पतासाजी कर उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खाते में धोखाधड़ी की राशि ट्रांसफर की गई थी, जिसे बाद में कैश के रूप में विड्रॉल किया गया था।
आरोपी योगेश येड़े को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया है।
प्रकरण में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका तथा धोखाधड़ी की राशि के संबंध में विवेचना जारी है।
