लाइक और व्यूज के चक्कर में हथियार जैसी चीज दिखाकर बनाई रील, सोशल मीडिया पर वायरल होते ही खरसिया पुलिस ने समझाइश देने के साथ युवक पर की वैधानिक कार्रवाई.

सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज बटोरने के चक्कर में हथियार जैसे दिखने वाले सामान का प्रदर्शन कर रील बनाना अब भारी पड़ सकता है। इंस्टाग्राम पर मोटरसाइकिल चलाते हुए पिस्टलनुमा लाइटर का प्रदर्शन कर रील बनाने वाले युवक के खिलाफ खरसिया पुलिस ने कार्रवाई की है।

मामला थाना खरसिया क्षेत्र के छोटेमुडपार का है। स्थानीय लोगों द्वारा शिकायत की गई थी कि एक युवक ने सोशल मीडिया पर मोटरसाइकिल पर पिस्टलनुमा वस्तु हाथ में लेकर रील बनाई है। मामला वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद एसडीओपी खरसिया श्री सतीश भार्गव ने थाना खरसिया पुलिस को वीडियो की तस्दीक कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

निर्देश के बाद थाना खरसिया पुलिस की टीम ने वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान खेम सिंह रौतिया पिता गणेश राम 22 साल, निवासी छोटेमुडपार, खरसिया के रूप में की। आज दोपहर उप निरीक्षक अमरनाथ शुक्ला, प्रधान आरक्षक खीरेन्द्र जलतरे एवं आरक्षक विशोप सिंह की टीम ने राम सिंह रौतिया को तलब कर वीडियो के संबंध में पूछताछ की।

पूछताछ में खेम सिंह ने बताया कि 28 अगस्त को उसने अपने मोबाइल से पिस्टलनुमा लाइटर हाथ में लेकर मोटरसाइकिल पर रील बनाई थी और उसे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड किया था।

पुलिस द्वारा युवक को स्पष्ट रूप से समझाइश दी गई कि सोशल मीडिया पर हथियार जैसे दिखने वाली वस्तुओं का प्रदर्शन कर वीडियो अथवा रील बनाना लोगों में भय और गलत संदेश पैदा कर सकता है। ऐसी गतिविधियों से बचना चाहिए।

पुलिस की समझाइश के दौरान युवक द्वारा मोहल्ले के लोगों द्वारा उसके विरुद्ध शिकायत किए जाने की बात पर उतावलेपन में व्यवहार किया गया। इस पर खरसिया पुलिस द्वारा प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर थाना लाया गया। इसके बाद थाना खरसिया में धारा 170 बीएनएसएस/126, 135(3) बीएनएसएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

Related posts