BREAKING : जशपुर में वायरल वीडियो से मचा हड़कंप! डॉ. धीरेंद्र अग्रवाल प्रकरण में कलेक्टर ने बैठाई विशेष जांच, गवाहों के बयान से दस्तावेजों तक खंगाले जा रहे सबूत—रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई!

सीएम हेल्पलाइन पर मिली शिकायत पर कलेक्टर ने बैठाई जांच टीम

गवाहों के बयान और दस्तावेजों का हो रहा सूक्ष्म परीक्षण, रिपोर्ट के आधार पर होगी सख्त कार्रवाई

जशपुर : सोशल मीडिया में डॉ. धीरेंद्र अग्रवाल से जुड़े वायरल वीडियो और प्रसारित खबरों को जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने गंभीरता से लिया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस पूरे मामले को लेकर ‘सीएम हेल्पलाइन’ के माध्यम से शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत की संवेदनशीलता को देखते हुए जशपुर कलेक्टर ने तत्काल प्रभाव से प्रकरण की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच के लिए एक विशेष जांच टीम का गठन कर दिया है।

प्रशासन द्वारा गठित जांच दल ने नियमानुसार अपनी अग्रिम कार्यवाही शुरू कर दी है। टीम द्वारा मामले से जुड़े सभी संबंधित पक्षों और व्यक्तियों से गहन पूछताछ की जा रही है तथा आवश्यक गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। इसके साथ ही प्रकरण से संबंधित सभी उपलब्ध दस्तावेजों, शासकीय अभिलेखों और अन्य तकनीकी तथ्यों का भी सूक्ष्मता से परीक्षण किया जा रहा है ताकि सच्चाई सामने आ सके।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि प्रकरण की जांच वर्तमान में प्रक्रियाधीन है। जांच दल द्वारा सभी साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष रिपोर्ट तैयार कर सक्षम अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। जांच में प्राप्त निष्कर्षों के आधार पर नियमानुसार कड़ी एवं आवश्यक वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। तब तक आमजन से किसी भी प्रकार की अपुष्ट सूचनाओं पर ध्यान न देने की अपेक्षा की गई है।

Related posts