वाहन और सूने मकान की चोरी का खुलासा, 2 आदतन चोर गिरफ्तार; सोने-चांदी के जेवर, नकदी और बाइक समेत 4 लाख का माल बरामद

वाहन चोरी एवं सूने मकान में चोरी के दो मामलों का खुलासा

एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट एवं थाना पंडरी पुलिस की संयुक्त कार्यवाही

दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान एवं मोटर सायकल सहित लगभग 04 लाख का मशरूका बरामद

रायपुर : जिले में वाहन चोरी और सूने मकान में सेंधमारी के दो मामलों का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट और पंडरी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो आदतन चोरों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पहले बाइक चोरी की और उसी बाइक से सूने मकान को निशाना बनाकर सोने-चांदी के जेवर, नकदी और अन्य सामान पार कर दिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की बाइक सहित करीब 4 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।

01. विवरण – दिनांक 28.08.26 को कोई अज्ञात चोर प्रार्थी दीपक पटेल निवासी ग्रींडले विहार के पास दुबे कॉलोनी मोवा, रायपुर के सूने मकान के दरवाजे में लगे ताला को तोड़कर अंदर प्रवेश कर कमरे में रखें आलमारी का ताला तोड़कर आलमारी में रखें नगदी रकम, सोने व चांदी के जेवरात एवं लैपटॉप को चोरी कर ले गया था। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना पंडरी में अपराध क्रमांक 262/26 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध किया गया।

02. विवरण – दिनांक 28.08.2026 को कोई अज्ञात चोर प्रार्थी योगेश निषाद की सुपर स्प्लेण्डर मोटर सायकल क्रमांक सी जी 04 एल पी 5326 को बालाजी अस्पताल, दुबे कॉलोनी, मोवा, रायपुर की पार्किंग से चोरी कर ले गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना पंडरी में अपराध क्रमांक 263/26 धारा 303(2) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध किया गया।

घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) श्रीमती दीपमाला कश्यप द्वारा अधीनस्थ अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अज्ञात आरोपियों की शीघ्र पहचान कर गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट एवं थाना पंडरी पुलिस की संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा घटनास्थलों का निरीक्षण कर प्रार्थियों तथा आसपास के लोगों से विस्तृत पूछताछ की गई। साथ ही घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया। प्रकरणों में मुखबिर लगाने के साथ हर अन्य माध्यमों से अज्ञात आरोपी को चिन्हांकित करने के प्रयास किये जा रहे थे।

इसी दौरान टीम के सदस्यों को घटना में संलिप्त आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। आरोपियों की पहचान बलौदा बाजार भाटापारा निवासी सदर अली एवं अब्दुल मन्नान उर्फ अमन खान के रूप में हुई। दोनों आरोपियों की पतासाजी कर उन्हें पकड़ा गया। प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ करने पर आरोपियों द्वारा पहले मोटर सायकल चोरी करना तथा चोरी की मोटर सायकल से जाकर प्रार्थी दीपक पटेल के निवास में चोरी करना स्वीकार किया गया।

पूछताछ एवं आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी लेने पर यह भी ज्ञात हुआ कि दोनों आरोपियों के विरूद्ध पूर्व में भी बलौदाबाजार, बिलासपुर एवं रायपुर के अलग-अलग थानों में चोरी एवं वाहन चोरी के अपराध पंजीबद्ध हैं। दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं तथा पूर्व में भी इस प्रकार की आपराधिक घटनाओं में संलिप्त रहे हैं।

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की सोने एवं चांदी के जेवरात, नगदी रकम, घड़ी तथा चोरी की सुपर स्प्लेण्डर मोटर सायकल क्रमांक सी जी 04 एल पी 5326 जुमला कीमती लगभग 04 लाख रूपये जप्त कर दोनों के विरूद्ध कार्यवाही किया गया।

गिरफ्तार आरोपी

01. सब्दर अली पिता सलीम अली उम्र 34 साल निवासी भगत सिंह वार्ड रहमानिया चौक थाना भाटापारा शहर जिला बलौदा बाजार भाटापारा।

02. अब्दुल मन्नान उर्फ अमन खान पिता अब्दुल रहमान खान उम्र 26 साल निवासी भगत सिंह वार्ड रहमानिया चौक थाना भाटापारा शहर जिला बलौदा बाजार भाटापारा।

Related posts