सड़क पर स्टंट करना पड़ा भारी! वायरल वीडियो के बाद हरकत में आई रायपुर यातायात पुलिस, खतरनाक बाइक स्टंट करने वाले युवक पर कसा शिकंजा

यातायात पुलिस की वायरल वीडियो पर प्रभावी कार्यवाही

बाइक से स्टंट करने वाले युवक के विरुद्ध एक्शन

यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर हुई वैधानिक कार्यवाही

रायपुर : यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने हेतु लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 08/09/2026 को पुराना विधानसभा रोड क्षेत्र में सार्वजनिक सड़क पर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04-MC -9061 एक्टिवा के चालक द्वारा  तीन सवारी बैठाकर खतरनाक तरीके से स्टंट करने वाले युवक का शिकायत वीडियो प्राप्त हुआ था, जिसे यातायात थाना पंडरी के थाना प्रभारी अमित पद्मशाली के निर्देशन में मातहत कर्मचारियों द्वारा मोटरसाइकिल चालक की जानकारी प्राप्त कर यातायात थाना तलब किया गया ।

पुलिस टीम द्वारा स्टंट करते हुए युवक चालक जिसका नाम तिलक कश्यप पिता पूरनलाल उम्र 22 वर्ष साकिन देवभोग गरियाबंद , अन्य सवारी सागर महेश्वरी  एवं पवित्र कश्यप की पहचान की गई । वाहन चालक द्वारा सार्वजनिक मार्ग पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का उल्लंघन करना पाया गया एवं चालक के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत विधि सम्मत कार्रवाई की गई साथ ही अन्य लोगों को हिदायत दिया गया।

यातायात पुलिस की अपील:

सड़क पर बाइक से स्टंट करना स्वयं चालक के साथ-साथ अन्य राहगीरों एवं वाहन चालकों के लिए भी गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। आमजन से अपील है कि यातायात नियमों का पालन करें, तेज गति एवं खतरनाक तरीके से वाहन न चलाएं तथा सार्वजनिक मार्ग को स्टंट करने का स्थान न बनाएं।

यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा के लिए ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related posts