त्योहारी सीजन के मद्देनजर नॉर्थ जोन में सघन चेकिंग एवं प्रभावी कार्रवाई जारी
सप्ताह भर चले विशेष अभियान में 79 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई
07 आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट, 71 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई एवं 01 आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई
रायपुर : आगामी गणेश उत्सव एवं त्योहारी सीजन के मद्देनजर क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आपराधिक एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण तथा आमजन की सुरक्षा के उद्देश्य से नॉर्थ जोन पुलिस द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाकर सघन चेकिंग की जा रही है।
इसी क्रम में दिनांक 07 सितंबर से 13 सितंबर 2026 तक नॉर्थ जोन के थाना गुढ़ियारी, उरला, खमतराई, पंडरी एवं खम्हारडीह क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों एवं असामाजिक तत्वों की सघन जांच की गई। अभियान के दौरान अवैध रूप से चाकू एवं अन्य धारदार हथियार लेकर घूमने वाले व्यक्तियों, अवैध शराब की बिक्री करने वालों तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की गई।
सप्ताह भर चले अभियान के दौरान कुल 07 आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। सघन चेकिंग के दौरान थाना गुढ़ियारी द्वारा 01, थाना उरला द्वारा 03, थाना पंडरी द्वारा 01 एवं थाना खम्हारडीह द्वारा 02 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार अपराध पंजीबद्ध कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की गई।
इसके साथ ही क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा त्योहारी सीजन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति निर्मित न हो, इसे ध्यान में रखते हुए असामाजिक एवं संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस एवं अन्य प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत लगातार कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान कुल 71 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई, जिसमें थाना गुढ़ियारी द्वारा 21, थाना उरला द्वारा 15, थाना खमतराई द्वारा 15, थाना पंडरी द्वारा 11 एवं थाना खम्हारडीह द्वारा 09 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
इसी प्रकार अवैध रूप से शराब का संग्रहण एवं बिक्री करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए थाना उरला द्वारा 01 आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
इस प्रकार दिनांक 07 सितंबर से 13 सितंबर 2026 तक नॉर्थ जोन पुलिस द्वारा कुल 79 व्यक्तियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट एवं विभिन्न प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की गई।
नॉर्थ जोन पुलिस द्वारा आगामी गणेश उत्सव एवं त्योहारी सीजन को दृष्टिगत रखते हुए क्षेत्र में लगातार सघन चेकिंग एवं विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सार्वजनिक स्थानों पर चाकू एवं अन्य धारदार हथियार लेकर घूमने वालों, अवैध शराब की बिक्री करने वालों तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
