बलाछापर गौधाम का संचालन सुचारू रूप से जारी, बीमार गोवंश को मिल रहा है त्वरित उपचार- पशुधन विभाग
जशपुर : ‘‘आठ माह में ही लड़खड़ाने लगी गौधाम योजना, नहीं हुए सुधार तो लटकेगा ताला‘‘ शीर्षक से प्रकाशित समाचार के संबंध में पशुधन विकास विभाग जशपुर द्वारा तथ्यात्मक स्पष्टीकरण एवं खंडन रिपोर्ट जारी की गई है।
पशुधन विभाग ने स्पष्ट किया है कि बलाछापर गौठान में गौधाम योजना के संचालन की स्वीकृति हेतु प्रस्ताव गौ सेवा आयोग, रायपुर को प्रेषित किया गया है। प्रशासकीय स्वीकृति प्रक्रियाधीन है। स्वीकृति उपरांत गौधाम मार्गदर्शिका अनुसार चारा-पानी एवं अन्य व्यवस्थाओं हेतु राशि आबंटन का प्रावधान किया जाएगा।
वर्तमान में सुरभि गौ सेवा गौधाम, बलाछापर का संचालन समिति द्वारा स्वयं के व्यय पर सुचारू रूप से किया जा रहा है। बीमार गोवंश के उपचार के संबंध में विभाग ने स्पष्ट किया है कि बीमार एवं घायल पशुओं की सूचना प्राप्त होने पर पशु चिकित्सा विभाग के चिकित्सक एवं मैदानी कर्मचारियों द्वारा त्वरित रूप से उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही गौधाम में संरक्षित गोवंश का समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण, कृमिनाशन एवं अन्य आवश्यक पशु चिकित्सा सुविधाएं निरंतर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
