पुलिस महानिदेशक छत्तीसगढ़ की समीक्षा बैठक
नारायणपुर : आज दिनांक 22.09.2026 को पुलिस महानिदेशक छत्तीसगढ़ पुलिस अरुण देव गौतम द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय, नारायणपुर में नारायणपुर एवं कांकेर जिले के पुलिस अधीक्षकों तथा केंद्रीय सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली गई। बैठक में पुलिसिंग से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
नक्सल पुनर्वास नीति का प्रभावी क्रियान्वयन
पुलिस महानिदेशक महोदय ने बेसिक पुलिसिंग को प्रभावी ढंग से लागू करने के साथ शासन की नक्सल पुनर्वास नीति का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र पुनर्वासितों को नीति के प्रावधानों के अनुरूप अधिकतम लाभ उपलब्ध कराने तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर दिया।
पारदर्शिता एवं जवाबदेही
सभी जिलों में पारदर्शी एवं तकनीक आधारित पुलिसिंग को और मजबूत करने के निर्देश देते हुए उन्होंने आधुनिक तकनीक के बेहतर उपयोग तथा पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने को कहा।
आपसी समन्वय
पुलिस महानिदेशक ने पुलिस एवं केंद्रीय सुरक्षा बलों के बीच बेहतर आपसी समन्वय के साथ अंदरूनी क्षेत्रों एवं गांवों में नियमित भ्रमण करने, विकास कार्यों का अवलोकन करने तथा स्थानीय लोगों की समस्याओं को समझने के निर्देश दिए। उन्होंने शासन-प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर जनता का विश्वास जीतने को पुलिसिंग की महत्वपूर्ण प्राथमिकता बताया।
बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति
बैठक में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक नक्सल ऑपरेशन विवेकानंद सिन्हा, पुलिस महानिरीक्षक बस्तर बी.एन. मीणा, महानिरीक्षक सीआरपीएफ कबीब के, महानिरीक्षक बीएसएफ संजय पंत, बीएसएफ एवं आईटीबीपी के उप महानिरीक्षकगण, पुलिस अधीक्षक नारायणपुर संदीप पटेल एवं पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा सहित अन्य संबंधित राजपत्रित पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक उपरांत वरिष्ठ अधिकारियों ने किया मैत्री कैफे का भ्रमण
बैठक उपरांत पुलिस महानिदेशक छत्तीसगढ़ पुलिस अरुण देव गौतम सहित सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने नारायणपुर पुलिस द्वारा स्थापित मैत्री कैफे का भ्रमण किया। इस दौरान अधिकारियों ने आत्मसमर्पित माओवादियों से मुलाकात कर उनसे संवाद किया तथा उनके द्वारा तैयार किए गए विभिन्न व्यंजनों का स्वाद चखा।
अधिकारियों ने आत्मसमर्पित माओवादियों द्वारा स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया। मैत्री कैफे आत्मसमर्पित माओवादियों को स्वरोजगार एवं सम्मानजनक जीवन के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में नारायणपुर पुलिस की महत्वपूर्ण पहल है।
