सेवा संकल्प अभियान 2026 : सेवा मेरा योगदान
सेवा पखवाड़ा के तहत जशपुर जिले के सभी विकासखंडों में स्वच्छता एवं नशा मुक्ति अभियान, युवाओं ने दिया जनजागरूकता का संदेश
जशपुर : भारत सरकार के सेवा संकल्प अभियान 2026 एवं माय भारत युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के सेवा पखवाड़ा – सेवा मेरा योगदान के अंतर्गत जशपुर जिले के सभी विकासखंडों में स्वच्छता, श्रमदान एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इन अभियानों का आयोजन जिला प्रशासन जशपुर के समन्वय से किया गया, जिसमें माय भारत के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों एवं युवाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
अभियान के अंतर्गत कुनकुरी विकासखंड के ग्राम पंचायत कुंजारा में बाजार परिसर, अटल चौक एवं मंदिर परिसर में श्रमदान कर स्वच्छता अभियान चलाया गया।
कार्यक्रम में श्री भरत सिंह, बीडीसी श्रीमती शोभा गुप्ता, श्रीमती हेमा गुप्ता, सरपंच श्रीमती सुभद्रा अंगीरा सहित प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
इसी क्रम में फरसाबहार विकासखंड के ग्राम साको-कोतेबिरा स्थित शिव मंदिर परिसर में स्वच्छता शपथ, सार्वजनिक स्थल की सफाई, कचरा संग्रहण एवं निपटान तथा जागरूकता सभा का आयोजन किया गया।
राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक दीपक कुमार निषाद एवं धन सिंह साय सहित ग्रामीणों ने अभियान में सहभागिता की।
मनोरा विकासखंड के ग्राम केसरा में माय भारत के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों हेमराज सिंह एवं माधुरी यादव के नेतृत्व में स्वच्छता शपथ, सार्वजनिक स्थलों की सफाई, कचरा संग्रहण एवं निपटान तथा जागरूकता सभा आयोजित की गई।
ग्राम पंचायत एवं ग्रामीणों ने अभियान में सक्रिय सहयोग किया।
वहीं जशपुर नगर विकासखंड के ग्राम दमेरा सहित अन्य क्षेत्रों में भी माय भारत स्वयंसेवकों एवं युवाओं द्वारा स्वच्छता श्रमदान किया गया।
जिले के सभी विकासखंडों में युवाओं ने सार्वजनिक स्थलों की सफाई करते हुए ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
इसी कड़ी में बगीचा विकासखंड के ग्राम पंचायत बुड़ाढाड़ में 28 सितंबर 2026, सोमवार को स्वच्छता पखवाड़ा एवं नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों एवं युवाओं को स्वच्छता के साथ-साथ नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
अभियान के दौरान युवाओं ने स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने, सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने, कचरे का उचित निपटान करने तथा नशे से दूर रहने का संदेश दिया। ग्रामीणों से भी इन अभियानों को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया।
माय भारत जशपुर द्वारा आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को सामाजिक सेवा, स्वच्छता, जनजागरूकता एवं राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। “स्वच्छ गांव–स्वस्थ गांव, नशामुक्त समाज” के संदेश के साथ युवाओं ने सेवा और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।
