महतारी वंदन योजना ने बदली सरिता यादव की जिंदगी, हर महीने ₹1,000 की नियमित सहायता से मिला आर्थिक संबल—मेहनत से बढ़ी आय, अब परिवार की जरूरतें पूरी करने के साथ हर पर्व पर दोगुनी हो रही खुशियां

सेवा संकल्प अभियान 2026 : सेवा मेरा योगदान

हर पर्व पर दोगुनी हो रही खुशियां, महतारी वंदन बना आर्थिक सहारा

महतारी वंदन योजना से सरिता यादव बनीं आत्मनिर्भर, आय बढ़ने से परिवार की जरूरतें हो रहीं पूरी

जशपुर : महतारी वंदन योजना महिलाओं के जीवन में आर्थिक संबल के साथ आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का आधार बन रही है। जशपुर जिले की हितग्राही श्रीमती सरिता यादव के लिए भी यह योजना आर्थिक मजबूती की नई राह लेकर आई है।

श्रीमती सरिता यादव बताती हैं कि पहले घर की छोटी-बड़ी आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए उन्हें दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था। नियमित आय का कोई साधन नहीं होने के कारण त्योहारों और विशेष अवसरों पर परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में भी कठिनाई होती थी।

महतारी वंदन योजना से जुड़ने के बाद उन्हें प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता मिलने लगी। योजना से प्राप्त नियमित सहायता के साथ अपनी मेहनत से की जा रही अन्य आयमूलक गतिविधियों के माध्यम से अब उनकी मासिक आय लगभग 10 से 12 हजार रुपये तक हो जाती है।

इससे परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार आया है और वे अपनी आवश्यकताओं को अधिक सहजता से पूरा कर पा रही हैं।

श्रीमती सरिता यादव कहती हैं कि छत्तीसगढ़ शासन से हर महीने मिलने वाली नियमित सहायता उनके लिए आर्थिक सहारा बनी है। अब त्योहारों और पर्वों के अवसर पर परिवार की जरूरतों को पूरा करने में पहले जैसी परेशानी नहीं होती। महतारी वंदन योजना ने उनके जीवन में खुशियों को बढ़ाने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है।

श्रीमती सरिता यादव ने कहा, “हर महीने मिलने वाली एक हजार रुपये की राशि से मैं अपने घर की आर्थिक जरूरतों को पूरा कर पाती हूं। इस योजना के कारण मैं आत्मनिर्भर बन पाई हूं और अपने पैरों पर खड़ी हो पाई हूं। इसके लिए मैं छत्तीसगढ़ शासन और माननीय विष्णु भैया को बहुत-बहुत धन्यवाद देती हूं।

Related posts